जमुई को अतिक्रमण मुक्त बनाने को लेकर कचहरी चौक से महाराजगंज तक चला अभियान
शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन और नगर परिषद की संयुक्त कार्रवाई, सड़क व फुटपाथ से हटाया गया कब्जा
शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन और नगर परिषद की संयुक्त कार्रवाई, सड़क व फुटपाथ से हटाया गया कब्जा
जमुई:शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और नगर परिषद ने सोमवार को व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. अभियान के तहत कचहरी चौक, महाराजगंज, थाना क्षेत्र समेत शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया.
बाजार में मची हलचल, कई दुकानदारों ने खुद हटाया सामान
अभियान शुरू होते ही बाजार क्षेत्रों में हलचल बढ़ गई. जेसीबी, ट्रैक्टर और प्रशासनिक टीम को देखकर कई दुकानदारों ने स्वयं ही सड़क और फुटपाथ पर रखे सामान को हटाना शुरू कर दिया. इस दौरान अवैध रूप से सड़क पर रखे गए सामानों को जब्त भी किया गया. प्रशासन ने नियमों का लगातार उल्लंघन करने वालों को चिह्नित कर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है.अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में जिला प्रशासन, नगर परिषद और पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मी बड़ी संख्या में मौजूद रहे. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी.
अतिक्रमण से यातायात और विकास कार्य होते हैं प्रभावित
जिला पदाधिकारी के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान को लेकर नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. प्रियंका गुप्ता ने कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाना नगर परिषद की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने कहा कि सड़क, फुटपाथ और सर्विस लेन पर अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होता है तथा आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है.उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सड़क किनारे फुटपाथ एवं सर्विस लेन को अनावश्यक रूप से बाधित न करें. अतिक्रमण से न केवल अव्यवस्था फैलती है, बल्कि विकास कार्यों में भी बाधा उत्पन्न होती है. इससे पर्यावरण और सामाजिक व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है.
अतिक्रमण मुक्त जमुई के लिए जारी रहेगा अभियान
डॉ. गुप्ता ने कहा कि नगर परिषद अतिक्रमण मुक्त जमुई के संकल्प को साकार करने के लिए लगातार अभियान चलाती रहेगी. अभियान को सफल बनाने में नगर प्रबंधक एहतेशाम हुसैन सहित सुभाष सक्सेना, सागर कुमार सिंह, कुंदन कुमार गुप्ता एवं अन्य कर्मी सक्रिय रूप से जुटे रहे.