खड़े ट्रक से टकराई बाइक, चालक की मौत, एक गंभीर घायल

चकाई-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर मंगलवार अहले सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गयी, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया.

चकाई. चकाई-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर मंगलवार अहले सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गयी, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना चकाई थाना क्षेत्र के गोविंदोडीह मोड़ के समीप करीब सुबह पांच बजे हुई. जानकारी के अनुसार, सड़क पर खड़े एक ट्रक में पीछे से बाइक टकरा गयी. इस हादसे में बाइक चालक घनश्याम वर्मा (33) की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि बाइक सवार रंजन कुमार वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों को चकाई रेफरल अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद घनश्याम वर्मा को मृत घोषित कर दिया. वहीं घायल रंजन कुमार वर्मा को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया गया. बताया जाता है कि दोनों युवक चकाई के बाघा गांव से झारखंड के देवरी गांव बारात में शामिल होने गए थे और लौटने के दौरान यह हादसा हुआ. मृतक घनश्याम वर्मा झारखंड के जसडीह थाना क्षेत्र के खसपेटा गांव का निवासी था और शादी के सिलसिले में अपने ससुराल बाघा आया हुआ था. वहीं घायल रंजन कुमार वर्मा सोनो प्रखंड के मटीहाना गांव का रहने वाला है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई भेज दिया है. साथ ही दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >