चकाई. प्रखंड क्षेत्र के पिपरा लेदवरा में चल रहे पंचायत स्तरीय दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मैच शनिवार को गोंदलीटाड़ बनाम बिहार वॉइस टीम के बीच खेला गया. रोमांचक मुकाबले में बिहार वॉइस की टीम ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए गोंदलीटांड टीम को एक गोल से पराजित कर फाइनल जीत लिया. विजेता और उप विजेता टीम को नकद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया, जबकि प्रतियोगिता में बेहतर खेल दिखाने वाले प्रतिभागियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व विधान परिषद सदस्य सह जदयू नेता संजय प्रसाद ने खिलाड़ियों का उत्साह वर्धन किया. उन्होंने कहा कि खेल से युवाओं में उत्साह और आपसी भाईचारा बढ़ता है. चकाई प्रखंड में फुटबॉल खेल काफी लोकप्रिय है और यहां काफी प्रतिभावान खिलाड़ी भी है. आयोजक सदस्य ने बताया कि प्रतियोगिता में आठ टीम की खिलाड़ियों ने भाग लिया. मौके पर जदयू प्रखंड अध्यक्ष विंदेश्वरी प्रसाद वर्मा, पंचायत समिति सदस्य दिवाकर चौधरी, प्रो शंभू यादव, मुन्ना साह, गोपाल सिंह, भोला सिंह, बिनोद कुमार, दयानंद तांती, संजय साह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
