जमुई . राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय के कोड क्लब की ओर से गुरुवार को एग्लो रिडल–द कोडिंग विजार्ड कॉन्टेस्ट का आयोजन किया गया. इस प्रतियोगिता में कॉलेज के विभिन्न शाखाओं के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी तकनीकी क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया. प्रतियोगिता के दौरान टीम आशीष कुमार सिंह एवं किशन कुमार शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. टीम क्वांटम कोडर आकृत रंजन एवं इरशाद आलम द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि टीम ऋषभ कुमार एवं अभिनेश आनंद ने तृतीय स्थान हासिल किया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ आशीष कुमार उपस्थित रहे. उन्होंने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को नवाचार और तकनीकी विकास के लिए प्रेरित करती हैं. डॉ कुमार ने कहा कि जीईसी जमुई भविष्य में भी इसी तरह के आयोजनों के माध्यम से छात्रों को तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करता रहेगा. उनका कहना था कि इस तरह के कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में सृजनात्मक सोच और प्रौद्योगिकी के प्रति रुचि बढ़ेगी. इस अवसर पर इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डॉ बृजेश कुमार, कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग विभाग के प्राध्यापक मनीष कुमार, धर्मवीर कुमार और प्रशांत कुमार सहित अन्य शिक्षकगण भी उपस्थित रहे. कार्यक्रम का संचालन कोड क्लब की टीम ने किया और अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
