गिद्धौर जमुई से कुमार सौरभ की रिपोर्ट. बिहार विशिष्ट अध्यापक प्रधान शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष आनंद कौशल सिंह ने सचिवालय में राज्य के नवनियुक्त शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने मंत्री को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और बिहार के लाखों शिक्षकों की ज्वलंत समस्याओं से संबंधित 06 सूत्री मांग पत्र सौंपा.
प्रमुख मांगें: जनगणना कार्य और अवकाश पर चर्चा
मुलाकात के दौरान आनंद कौशल सिंह ने शिक्षकों के हित में कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं. उन्होंने आग्रह किया कि:
- राष्ट्रीय जनगणना 2027: इसमें लगे शिक्षकों को विद्यालय अवधि के दौरान ही कार्य करने की अनुमति मिले और इसे ‘मार्क ऑन ड्यूटी’ माना जाए.
- अवकाश: शनिवार को पूर्व की भांति ‘हाफ डे’ बहाल किया जाए और दूसरे शनिवार को पूर्ण अवकाश घोषित किया जाए.
वेतनमान और प्रोन्नति का मुद्दा
शिक्षक नेता ने राज्यकर्मी का दर्जा प्राप्त सभी शिक्षकों के लिए 07वें वेतन आयोग के अनुरूप वास्तविक फिटमेंट मैट्रिक्स और पूर्ण वेतनमान के लाभ की मांग की. साथ ही विशिष्ट शिक्षकों की रुकी हुई प्रोन्नति शुरू करने और प्रधान शिक्षकों को बकाया अंतर वेतन व वेतन संरक्षण का लाभ दिलाने की सिफारिश की. उन्होंने नई स्थानांतरण नियमावली को शीघ्र अंतिम रूप देकर पारदर्शी व ऐच्छिक तबादला प्रक्रिया शुरू करने पर भी जोर दिया.
मंत्री ने दिया आश्वासन
आनंद कौशल सिंह ने बताया कि शिक्षा मंत्री के साथ बातचीत अत्यंत सकारात्मक रही. मंत्री मिथलेश तिवारी ने सभी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर जल्द ही न्यायोचित समाधान निकालने का आश्वासन दिया है. प्रदेश अध्यक्ष ने शिक्षकों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि संघ उनके हितों के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगा.
