सभी कोषांग अपनी योजनाएं तय समय पर कर लें तैयार : डीएम

आगामी विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर सोमवार को समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम श्री नवीन ने सभी कोषांगों के वरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की.

जमुई. आगामी विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर सोमवार को समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम श्री नवीन ने सभी कोषांगों के वरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में चुनाव की तैयारियों को लेकर बिंदुवार चर्चा की गयी. डीएम ने निर्देश देते कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा प्राप्त दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन करते हुए सभी कोषांग अपनी योजनाएं तय समय पर तैयार कर लें. उन्होंने कहा कि ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के लिए डीटीओ द्वारा पर्याप्त संख्या में वाहन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये. कार्यपालक अभियंता पीएचईडी को स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदान केंद्रों पर पीने के पानी की व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित की जाये. वहीं सामग्री कोषांग को निर्देशित किया गया कि सामग्री थैली में रखी जाने वाली वस्तुओं की सटीक जानकारी सभी मतदानकर्मियों को दी जाये.

सोशल मीडिया पर नजर रखने का निर्देश

डीएम ने सोशल मीडिया के माध्यम से फैल रही फेक न्यूज को गंभीरता से लेते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को सतर्क रहने को कहा. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया, यूट्यूब, न्यूज चैनल और अखबारों में प्रसारित किसी भी भ्रामक सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाये. प्रशिक्षण कोषांग की चर्चा के दौरान डीएम ने स्पष्ट किया कि महिला कर्मियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाये. साथ ही सभी तैयारी 15 सितंबर तक हर हाल में पूरी कर लेने का निर्देश दिया. प्रेक्षक कोषांग के नोडल पदाधिकारी सह योजना पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि अगली बैठक से पूर्व चिह्नित स्थलों की सूची उपलब्ध कराएं. सभी नोडल पदाधिकारियों को अपने-अपने कोषांग में बैठक कर संरचना सुदृढ़ करने और छोटी-छोटी कमियों को दूर करने का निर्देश दिया गया.

बीपीएससी परीक्षा को लेकर भी हुई चर्चा

बैठक के अंत में आगामी 13 सितंबर को आयोजित होने वाली बीपीएससी परीक्षा की तैयारियों को लेकर भी संबंधित अधिकारियों से फीडबैक लिया और आवश्यक निर्देश दिये. बैठक में नाम निर्देशन कोषांग, मतपत्र, पोस्टल बैलट, ईटीपीबीएस, वाहन, सामग्री, ईवीएम, प्रेक्षक, विधि व्यवस्था, अभ्यर्थी व्यय अनुश्रवण, जन शिकायत, समाधान, प्रतिवेदन, डीईएमपी, वीडियो ग्राफी, वेब कास्टिंग, डिजिटल कैमरा, ब्रजगृह, मतगणना, कम्युनिकेशन प्लान, हेल्पलाइन, नियंत्रण कक्ष, मीडिया और एमसीएमसी कोषांग के सभी नोडल पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >