गिद्धौर बाजार में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर
बाजार में अतिक्रमण हटाने को ले अल्टीमेटम देने के बाद अवैध रूप से सड़कों, चौक-चैराहों पर अतिक्रमण पर स्थानीय प्रशासन की कड़ी सख्ती के बीच गुरुवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया
गिद्धौर.
बाजार में अतिक्रमण हटाने को ले अल्टीमेटम देने के बाद अवैध रूप से सड़कों, चौक-चैराहों पर अतिक्रमण पर स्थानीय प्रशासन की कड़ी सख्ती के बीच गुरुवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया, जिलाधिकारी के निर्देश पर सीओं आरती भूषण, थानाध्यक्ष राशि मालिक, अवर निरीक्षक ममता प्रकाश, मनीष कुमार, गीतांजलि कुमारी राजस्व पदाधिकारी व अंचल कर्मियों के नेतृत्व में गिद्धौर- झाझा बस स्टैंड, मुख्य मार्ग, लार्ड मिंटो टॉवर चौक परिसर सहित कई सार्वजनिक स्थलों पर स्थानीय दुकानदारों द्वारा किये गये अतिक्रमण को हटवाया गया. इस दौरान अंचल अधिकारी ने कड़ा रुख अख्तियार कर सरकारी सीमा से आगे बढ़कर सड़क किनारे सेअतिक्रमण को हटवाया. गुरुवार को अतिक्रमण पर चले इस बुलडोजर एक्शन से जुड़ी कार्रवाई के बाद अतिक्रमण कारियों में हड़कंप मच गया बाजार में अफरा तफरी का माहौल रहा, मुख्य बाजार में अभियान शुरू होते ही कई दुकानदार खुद अपना सामान समेटने में जुट गये तो वहीं देरी पर कइयों को प्रशासन ने हटाया. अंचल अधिकारी ने कहा कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की दिशा में यह कार्रवाई की गयी है, ताकि सड़कों पर आवागमन सुगम हो सके व आम लोगों को बाजार एवं सड़कों मुख्य चौक चौराहों पर जाम की समसया से निजात मिल सके.