अलीगंज बाजार में प्रशासन का कड़ा प्रहार, पक्के निर्माण ध्वस्त

बिहार सरकार के निर्देश पर अतिक्रमण मुक्ति अभियान के तहत गुरुवार को अलीगंज मुख्य बाजार में प्रशासन का सख्त तेवर देखने को मिला

अलीगंज

. बिहार सरकार के निर्देश पर अतिक्रमण मुक्ति अभियान के तहत गुरुवार को अलीगंज मुख्य बाजार में प्रशासन का सख्त तेवर देखने को मिला. जिला प्रशासन के निर्देश पर अंचलाधिकारी रंजन कुमार दिवाकर के नेतृत्व में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. इस दौरान सड़क किनारे और सरकारी जमीन पर किये गये अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की गयी. प्रशासन की कार्रवाई शुरू होते ही अतिक्रमणकारियों और दुकानदारों के बीच हड़कंप मच गया. कई दुकानदार और फुटपाथी विक्रेता आनन-फानन में अपना सामान हटाते नजर आये. अभियान के दौरान सड़क किनारे बने अवैध शेड, चबूतरे, सीढ़ियां व नालियों पर किए गए कब्जों को हटाया गया. प्रशासन ने मुख्य सड़क के दोनों ओर किये गये पक्के अतिक्रमण को भी ध्वस्त कर दिया.अंचलाधिकारी रंजन कुमार दिवाकर ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार सड़क और सरकारी भूमि पर किये गये अतिक्रमण को हटाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि अभियान से एक दिन पूर्व ही सभी दुकानदारों को स्वयं अतिक्रमण हटाने की सूचना दी गई थी, लेकिन चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया. इसके बाद मापी के आधार पर प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी. उन्होंने कहा कि बाजार में लगातार जाम की समस्या बनी रहती थी, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. कई बार चेतावनी देने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर यह दंडात्मक कार्रवाई की गई. साथ ही उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि दोबारा सड़क या सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने वालों से भारी जुर्माना वसूला जायेगा.

कार्रवाई से यातायात व्यवस्था होगी बेहतर

प्रशासन ने यह भी साफ किया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान आने वाले दिनों में प्रखंड के अन्य हिस्सों में भी जारी रहेगा. कार्रवाई को लेकर जहां कुछ दुकानदारों में नाराजगी दिखी, वहीं आम राहगीरों और स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक पहल का स्वागत किया. स्थानीय निवासी अमित कुमार, राहुल कुमार, बखोरी पासवान, सुनील सिंह, सुधीर सिंह, मो फकरुद्दीन, रहमत, मकसूद और साहुल सहित अन्य लोगों ने कहा कि अतिक्रमण के कारण बाजार में पैदल चलना भी मुश्किल हो गया था. कार्रवाई से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और जाम की समस्या से राहत मिलेगी. लोगों ने सड़क के बीच लगे बिजली पोल को हटाने की भी मांग प्रशासन से की. मौके पर चंद्रदीप थानाध्यक्ष अरविंद कुमार, एसआई संजय सिंह, पंचम कुमार, सरयुग प्रसाद, भू-मापक अमीन समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >