झाझा. प्रखंड क्षेत्र की सभी जगह पर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर भवन निर्माण के बाद अब शहर में भी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर भवन बनने का रास्ता साफ हो गया है. राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार सरकार ने हरी झंडी देते हुए शहर में भवन बनने के लिए एक करोड़ 16लाख, 95 हजार रुपये स्वीकृत किया है. पूर्व मंत्री सह स्थानीय विधायक दामोदर रावत ने कहा कि जमुई जिले में कई हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का भवन निर्माण किया गया है. इसमें झाझा विधानसभा में अत्यधिक है. झाझा विधानसभा के कई प्रखंडों में दर्जनों हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का निर्माण हुआ है. अब शहर में भी एक हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर भवन का निर्माण होगा. इसके लिए राज्य सरकार ने स्वीकृति दे दी है. उन्होंने बताया कि बीएमएसआइसीएल द्वारा तकनीकी अनुमोदन प्राक्कलन व डीपीआर भी उपलब्ध करवाया गया है. उन्होंने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र के सोहजाना इलाके में इसका निर्माण कराई जायेगी. इस केंद्र में सर्दी, बुखार, खांसी, गर्भवती महिलाओं की जांच एवं शिशु स्वास्थ्य देखभाल समेत कई तरह की सुविधा उपलब्ध रहेगी. इस केंद्र के बन जाने से शहर के नौनीहालों से लेकर जच्चा- बच्चा को सुविधा मिलेगी. रेफरल अस्पताल चिकित्सा प्रभारी डॉ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि जल्द ही इसका काम भी शुरू किया जायेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
