अकेलेपन ने लाया करीब : 62 साल की दुल्हन, 65 का दूल्हा

Jamui News : जमुई जिले के खैरा प्रखंड क्षेत्र से एक ऐसी प्रेम कहानी सामने आयी है जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है. यहां 65 वर्षीय बुजुर्ग ने 62 साल की महिला के साथ मंदिर में जाकर शादी रचा ली. उम्र के इस पड़ाव पर दोनों ने समाज और परिवार की परवाह किए बिना साथ जीने का फैसला किया. अब यह अनोखी शादी इलाके में चर्चा का प्रमुख विषय बनी हुई है.

जमुई से गुलशन कश्यप की रिपोर्ट:

खैरा प्रखंड के डूमरकोला गांव का है. जहां के रहने वाले चपट मांझी ने अपने घर के सामने रहने वाली आशा देवी के साथ महादेव सिमरिया मंदिर में शादी कर ली. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पिछले करीब एक साल से प्रेम संबंध चल रहा था.

अकेलेपन ने दोनों को ला दिया करीब

चपट मांझी ने बताया कि उनकी पत्नी की मौत करीब 15 साल पहले हो चुकी थी. उनका एक बेटा और बहू है. जो बाहर रहकर काम करते हैं. घर में अकेले रहने के कारण बीमारी और परेशानी के समय उनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं था.उन्होंने बताया कि जब उनकी तबीयत खराब हुई. तब पड़ोस में रहने वाली आशा देवी ने उनका काफी ख्याल रखा. इसी दौरान दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए और पिछले एक साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे.

लोगों के तानों से परेशान होकर की शादी

वहीं आशा देवी ने बताया कि उनके पति की मौत करीब दो साल पहले हो चुकी है. उनकी एक बेटी है. लेकिन वह उनका ध्यान नहीं रखती.उन्होंने कहा कि गांव में उनके रिश्ते को लेकर लोग तरह-तरह की बातें करते थे और ताने मारते थे. इसी कारण दोनों ने साथ जिंदगी बिताने का फैसला किया और मंदिर में जाकर शादी कर ली.

दोनों का कहना है कि अब वे एक-दूसरे का सहारा बनकर जीवन बिताना चाहते हैं.

बेटे की नाराजगी के बीच गांव में चर्चा तेज

बताया जा रहा है कि चपट मांझी की यह चौथी शादी है. उनकी पहली तीन पत्नियों की मौत हो चुकी है. वहीं इस शादी को लेकर उनका बेटा अजय मांझी नाराज बताया जा रहा है.हालांकि बुजुर्ग दंपती अपने फैसले से खुश नजर आ रहे हैं. गांव और आसपास के इलाकों में इस अनोखी शादी की चर्चा लगातार हो रही है. कई लोग इसे सच्चे प्रेम का उदाहरण बता रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >