पुलिस टीम पर हमला मामले में 13 नामजद अभियुक्त गिरफ्तार, 20 नामजद व 25 अज्ञात पर प्राथमिकी

थाना क्षेत्र के कदुआतरी गांव में शुक्रवार संध्या पुलिस टीम पर हमला करने के मामले में 20 नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

बरहट. थाना क्षेत्र के कदुआतरी गांव में शुक्रवार संध्या पुलिस टीम पर हमला करने के मामले में 20 नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. अब तक 13 नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें सात पुरुष व छह महिलाएं शामिल हैं. शनिवार को बरहट थाना में प्रेसवार्ता कर जानकारी देते हुए एसडीपीओ सतीश सुमन ने बताया कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. उन्होंने बताया कि पुलिस पर हमला एक गंभीर मामला है. इस मामले में संलिप्त लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा. एसडीपीओ ने बताया कि उत्पाद विभाग से मिली गुप्त सूचना के आधार पर बरहट थाना की टीम बीते शुक्रवार संध्या कदुआतरी गांव में छापामारी करने गयी थी. इस दौरान पुलिस ने एक घर से भारी मात्रा में देसी शराब जब्त कर उसे विनष्ट कर रही थी, तभी ग्रामीणों ने डुगडुगी बजाकर भीड़ इकट्ठा की और पुलिस टीम पर हमला कर दिया. इस हमले में लगभग आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं और पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है. कुछ अराजक तत्वों ने पुलिसकर्मियों के हथियार भी छीनने का प्रयास किया, जिसे जवानों ने विफल कर दिया. एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस पर हमला निंदनीय और कानून व्यवस्था के खिलाफ है. इससे साफ होता है कि कुछ लोग अवैध धंधे में लिप्त हैं और कानून से ऊपर बनने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रही है. ऐसी किसी भी घटना से पुलिस का मनोबल नहीं टूटेगा. बरहट सहित पूरे अनुमंडल क्षेत्र में कानून का राज स्थापित करना ही प्रशासन की प्राथमिकता है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >