जमुई : सदर थाना क्षेत्र के काकन गांव में लंबे अरसे से चले आ रही दो पक्षों के बीच वर्चस्व की लड़ाई में 4 लोगों की हत्या होने के बाद जिला पुलिस एक्शन मोड में आ गयी है तथा सदर थानाध्यक्ष राजेश शरण के नेतृत्व में काकन गांव में लगातार कार्रवाई का सिलसिला देखने को मिल रहा है.
इस क्रम में दूसरे दिन भी पुलिस ने लगातार बड़ी कार्रवाई करते हुए गोरेलाल महतो हत्याकांड के 15 आरोपित के घर इश्तेहार चिपकाया है.
इस बाबत जानकारी देते हुए सदर थानाध्यक्ष राजेश शरण ने बताया कि गोरे लाल महतो हत्याकांड के आरोपित गंगा सिंह, विनीत सिंह, रामबालक सिंह, उमाशंकर सिंह, अंकुर सिंह, रमेश सिंह, कमलेश सिंह, बम-बम सिंह, पप्पू सिंह, लाली सिंह, सौरभ सिंह, प्रमोद सिंह तथा रवि मिस्त्री के घर इश्तेहार चिपकाया गया है.
उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले में हमें इस्तेहार और कुर्की जब्ती का आदेश भी प्राप्त हो गया है, परंतु हमारी मंशा यह है कि हम सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल पहुंचा दें. इसी लिए हमने गुरुवार केवल इश्तेहार ही लगाया है और सभी आरोपित को शुक्रवार सुबह तक का वक्त दिया है.
अगर हमें आत्मसमर्पण की सूचना मिल जायेगी तो हम उनके घर कुर्की की कार्रवाई नहीं करेंगे. ऐसा नहीं करने वाले आरोपितों के घर पुलिस के द्वारा कुर्की जब्ती की कार्रवाई की जायेगी. इससे पहले बुधवार को मणिकांत सिंह हत्याकांड मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते संतोष महतो उर्फ वीरप्पन सहित आठ लोगों के घर में कुर्की जब्ती की कार्रवाई की थी.
