जमुई :बिहार केजमुई में सिमुलतला थाना क्षेत्र के गोदैया गांव में बीते बुधवार की शाम तुलसी विवाह के लिए निकाली गयी बरातियों की भीड़ में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गयी. मौके पर स्थानीय प्रशासन ने माहौल को शांत किया. जानकारी के अनुसार गोदैया गांव निवासी अशोक पांडेय की पत्नी रेणु देवी के घर बीते 16 नवंबर से कार्तिक उद्यापन का पाठ चल रहा था. तुलसी विवाह रश्म को लेकर बरात निकाली गयी थी. उक्त बरात को गांव के अंतिम छोर से वापस करने के दौरान ही विवाद शुरू हुआ. घटना में दोनों पक्षों के कुछ लोगों को चोटें आयी हैं.
मौके पर प्रभारी थानाध्यक्ष कामेश्वर सिंह अपने दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया. एसएसबी जवानों के साथ पूरी रात गांव में पुलिस कैंप रही. गुरुवार की सुबह से ही पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील है. घटना को लेकर झाझा इंसपेक्टर पवन कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी धर्मबीर प्रभाकर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी भास्कर रंजन, अनुमंडलाधिकारी लखिंद्र पासवान आदि गोदैया गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया.
कहते है पदाधिकारी
इस संदर्भ में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री रंजन ने बताया कि दोनों पक्षों के दोषियों को चिह्नित कर उनलोगों पर कानूनी कार्रवाई की जायेगी. वहीं इस संदर्भ में अनुमंडलाधिकारी लखिंद्र पासवान ने बताया कि रास्ता विवाद को लेकर मापी करवाई जा रही है, मापी के उपरांत भूमि की स्थिति को देखते हुए निर्णय लिया जायेगा.
34 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज
गोदैया गांव में हुई हिंसक झड़प के विरुद्ध सिमुलतला थाने में 34 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है. सिमुलतला थाना कांड संख्या 58/18 एवं 59/18 में दर्ज प्राथमिकी में एक पक्ष के 16 व दूसरे पक्ष के 18 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
