शॉर्ट सर्किट से गोदाम में लगी आग
जमुई : नगर क्षेत्र के महाराजगंज मुहल्ला स्थित रिंटू मोदी के घर में रविवार को देर रात्रि शॉर्ट सर्किट से आग लग जाने के कारण लाखों का सामान जल कर राख हो गया. आग पर स्थानीय लोगों और दमकल के सहयोग से काबू पाया जा सका. इस बाबत पीड़ित परिजनों ने बताया कि रविवार को रात्रि में हमलोग अपने घर में सोये हुए थे तभी प्रथम तल पर बने गोदाम में अचानक आग लग गयी और गोदाम में आग लगने के पश्चात हमलोगों के कमरे में धुआं प्रवेश करने लगा जिसको देख कर परिवार के सभी सदस्यों ने अफरा तफरी मच गयी. इसके पश्चात हमलोगों ने आग पर काबु पाने का काफी प्रयास किया.
लेकिन आग इतनी तेज थी कि आग पर काबु पाना मुश्किल हो गया. इसके पश्चात हमलोगों ने शोरगुल करके आस पास के लोगों को जगाया और फिर घटना की सूचना स्थानीय थाना और अग्निशमन विभाग को दी. जिसके पश्चात अग्निशमन विभाग के सहयोग से आग पर काबु पाया जा सका.उन्होंने बताया कि आग लगने से लगभग 5 से 7 लाख रुपया का सामान जल कर राख हो गया. इसके पश्चात हमलोगों के द्वारा घटना की लिखित सूचना स्थानीय थाना को दिया.
