जमुई : प्रारंभिक विद्यालय में छात्रवृत्ति राशि की पारदर्शिता को लेकर तिथि समाप्त होने के बाद भी छात्र की सूची उपलब्ध नहीं कराने के कारण जिले के नौ प्रखंडों के शिक्षा पदाधिकारियों पर कार्रवाई तय है. इस बाबत जानकारी देते हुए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी लेखा व योजना श्याम नारायण सिंह ने बताया कि आगामी वर्ष 2017-18 में विभाग के द्वारा अन्य सहायता राशि के साथ छात्रवृत्ति राशि की पारदर्शिता को लेकर जिले के सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों से पूर्व में ही निर्देश देकर क्षेत्र के विद्यालय में 75 फीसदी उपस्थिति वाले नामांकित छात्र की संख्या, खाता संख्या और आधार सीडेड छात्रों की संख्या सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारी बीते 31 अक्तूबर तक कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया गया था.
लेकिन तिथि समाप्त होने के बाद भी सदर प्रखंड, झाझा, बरहट, चकाई, अलीगंज, लक्ष्मीपुर, सोनो तथा सिकंदरा बीइओ द्वारा उक्त सूची नहीं उपलब्ध कराया गया है. उन्होंने बताया कि गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा के तहत विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने को लेकर विभाग के द्वारा वर्ग 1 से 4 तक के छात्र को 600 रुपया, कक्षा 5 से 8 तक के छात्र को 1200 प्रति वर्ष छात्रवृत्ति राशि की सहायता बैंक के माध्यम से दी जाती है. बीते वर्ष कुछ विद्यालय के छात्र द्वारा यह शिकायत की गयी थी कि उसे उक्त राशि से वंचित रहना पड़ा. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने बताया कि छात्र द्वारा शिकायत एवं गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा को लेकर उक्त कदम उठाया गया है. कार्यालय को मात्र गिद्धौर प्रखंड के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के द्वारा छात्रों की सूची सौंपी गयी है.
