Bihar Train News: ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. अब लंबी दूरी की यात्रा के दौरान खाने-पीने के लिए यात्रियों को स्टेशन या बाहरी वेंडरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. पूर्व रेलवे ने 32 प्रमुख मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में मिनी पैंट्री कार शुरू करने की तैयारी की है. इनमें समस्तीपुर से होकर गुजरने वाली कोलकाता-जयनगर, कोलकाता-मिथिलांचल और जनसेवा एक्सप्रेस भी शामिल हैं.
सफर के दौरान ट्रेन में ही मिलेगा खाना
मिनी पैंट्री सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों को ट्रेन के अंदर ही नाश्ता और भोजन मिल सकेगा. खासकर लंबी दूरी का सफर करने वाले यात्रियों के लिए यह सुविधा काफी उपयोगी होगी.
यात्रियों को खाने के लिए किसी स्टेशन पर ट्रेन रुकने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा. बाहरी वेंडरों पर निर्भरता भी कम होगी. रेलवे का जोर भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर भी रहेगा.
टेंडर के जरिए चुने जाएंगे ठेकेदार
मिनी पैंट्री सेवा का संचालन रेलवे की ओर से सीधे नहीं किया जाएगा. इसके लिए टेंडर प्रक्रिया के जरिए अधिकृत ठेकेदारों का चयन होगा.
चयनित ठेकेदारों को रेलवे की ओर से निर्धारित दरों पर ही भोजन उपलब्ध कराना होगा. खाने की गुणवत्ता और स्वच्छता से जुड़े नियमों का भी पालन करना अनिवार्य होगा. इससे यात्रियों को तय कीमत पर भोजन मिलने की उम्मीद है.
कोलकाता-जयनगर एक्सप्रेस में मिलेगी सुविधा
समस्तीपुर से गुजरने वाली कोलकाता-जयनगर एक्सप्रेस को भी मिनी पैंट्री की सुविधा वाली ट्रेनों में शामिल किया गया है.
ट्रेन संख्या 13135/13136 कोलकाता और जयनगर के बीच चलती है. कोलकाता से जयनगर जाने के दौरान यह नैहाटी, बर्द्धमान, आसनसोल, जसीडीह, झाझा, बरौनी, समस्तीपुर और दरभंगा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकती है. वापसी में ट्रेन संख्या 13136 जयनगर से कोलकाता के लिए चलती है.
मिथिलांचल एक्सप्रेस में भी मिनी पैंट्री
13155/13156 कोलकाता-मिथिलांचल एक्सप्रेस को भी इस सुविधा में शामिल किया गया है. कोलकाता से सीतामढ़ी जाने वाली ट्रेन बर्द्धमान, जसीडीह, बरौनी, दलसिंहसराय, समस्तीपुर, दरभंगा और जनकपुर रोड जैसे स्टेशनों पर रुकती है.
इस ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को भी आगे चलकर ट्रेन में ही खाने-पीने की सुविधा मिल सकेगी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
जनसेवा एक्सप्रेस के यात्रियों को भी फायदा
13419/13420 जनसेवा एक्सप्रेस भी मिनी पैंट्री सुविधा वाली ट्रेनों की सूची में है.
भागलपुर से मुजफ्फरपुर जाने वाली 13419 ट्रेन सुल्तानगंज, जमालपुर, किऊल, बरौनी, दलसिंहसराय, समस्तीपुर और ढोली होते हुए मुजफ्फरपुर पहुंचती है. वापसी में 13420 मुजफ्फरपुर से भागलपुर के बीच चलती है.
32 ट्रेनों में शुरू होगी सुविधा
पूर्व रेलवे की इस पहल का फायदा सिर्फ समस्तीपुर से गुजरने वाली ट्रेनों तक सीमित नहीं रहेगा. कुल 32 प्रमुख मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में मिनी पैंट्री कार शुरू करने की योजना है.
वंदे भारत जैसी ट्रेनों में खान-पान की सुविधा पहले से यात्रियों को मिलती रही है. अब इसी तरह की सुविधा को दूसरी प्रमुख ट्रेनों तक बढ़ाने की तैयारी है.
यात्रियों को क्या होगा फायदा?
मिनी पैंट्री शुरू होने से सबसे बड़ा फायदा लंबी दूरी के यात्रियों को होगा. ट्रेन के अंदर ही भोजन और नाश्ता उपलब्ध होने से सफर ज्यादा सुविधाजनक होगा. साथ ही रेलवे की निर्धारित दर और गुणवत्ता मानकों के कारण यात्रियों को भोजन की कीमत और गुणवत्ता को लेकर भी बेहतर व्यवस्था मिलने की उम्मीद है.
