Indian Railway: बिहार के पटना जंक्शन से गुजरने वाली कई वीआईपी ट्रेनों की टाइमिंग बदलने वाली है. रेलवे की ओर से यह फैसला यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखकर लिया गया है. दानापुर मंडल में आम और लोकल ट्रेनें लेट नहीं हो, इसको लेकर अब नया शेड्यूल तैयार किया जा रहा है.
इसके लिए पटना जंक्शन से होकर चलने वाली वंदे भारत, नमो भारत, दुरंतों, संपूर्ण क्रांति, तेजस राजधानी समेत अन्य वीआईपी ट्रेनों के लिए रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देश पर नया प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है. इस प्रस्तावित व्यवस्था के तहत वीआईपी ट्रेनों को पांच से दस मिनट के अंतराल में संचालित किया जाएगा, जिससे अन्य ट्रेनों के संचालन पर कम प्रभाव पड़ेगा.
इस तरह मिलेगी यात्रियों को सुविधा
जानकारी के मुताबिक, वर्तमान में दानापुर मंडल खासकर दिल्ली-हावड़ा रूट पर हर तीसरी मेल और एक्सप्रेस ट्रेन ऐवरेज 45 मिनट से एक घंटे की देरी से चल रही है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. रेलवे का मानना है कि नया टाइम टेबल लागू होने से ट्रेनों की समय पालन क्षमता में सुधार होगा और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी.
क्या कहना है जानकारों का?
जानकारों के अनुसार, रेलवे लोकल और वीआईपी दोनों कैटेगरी की ट्रेनों के समय को व्यवस्थित करने में लगा है, ताकि वे एक-दूसरे के रास्ते में बाधा न बने. इसके लिए दानापुर मंडल से सभी वीआईपी ट्रेनों की लिस्ट और टाइम टेबल मांगी गई है.
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इस व्यवस्था के लागू होने के बाद सामान्य ट्रेनों के लेट होने का समय भी दो से तीन घंटे की बजाय सिर्फ 10 मिनट ही रह जाएगा. इस व्यवस्था को लागू करने के लिए रेलवे नया टाइम टेबल बना रहा है. नए टाइम टेबल में रेलवे तय कर रहा है कि 130 से 160 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली ट्रेनों को पांच से दस मिनट के अंतराल में ही चलाया जाए.
Also Read: बिहार के विक्रमशिला पुल पर तीसरा बेली ब्रिज बनकर रेडी, जानिए कब से चलने लगेंगी गाड़ियां
