Hajipur News : वैशालीगढ़ के समीप बुधवार को पोखर में डूबने से 30 वर्षीय महिला प्रियंका कुमारी की मौत हो गयी. मृतका की पहचान रामा राय की पत्नी प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया.
हाथ-पैर धोने के दौरान फिसला पैर, गहरे पानी में चली गयी महिला
मिली जानकारी के अनुसार, प्रियंका कुमारी अपने घर के पीछे स्थित छोटे पोखर में शौच के बाद हाथ-पैर धोने गयी थी. इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गयी. पानी में डूबने के कारण वह बेहोश हो गयी. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गये.
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद पोखर से निकाला
स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद महिला को पोखर से बाहर निकाला. इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र वैशाली पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया. सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद प्रियंका कुमारी को मृत घोषित कर दिया.
दो बच्चों के सिर से उठा मां का साया, परिवार में मातम
प्रियंका कुमारी के दो बच्चे हैं, जिनमें एक लड़का और एक लड़की शामिल हैं. उसके पति रामा राय मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. महिला की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद गांव में भी मातम का माहौल है.
