बिदुपुर (वैशाली). राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय (जीईसी) वैशाली में 'मेरा युवा भारत' (MY Bharat) और राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में 'विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग' क्विज प्रतियोगिता एवं विशेष पॉडकास्ट सत्र का भव्य आयोजन किया गया. इस प्रेरणादायी कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा इंजीनियरिंग विद्यार्थियों को 'विकसित भारत' के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना और उनमें नेतृत्व क्षमता, सामाजिक दायित्व, तकनीकी नवाचार तथा राष्ट्र निर्माण की भावना का संचार करना था.
युवा नेतृत्व और नवाचार से गढ़ेगा नया भारत
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित विशेष अतिथि मंटू कुमार यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें लीक से हटकर सोचने और सामाजिक समस्याओं के तकनीकी समाधान तलाशने के लिए प्रेरित किया. वहीं, स्मृति साहनी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि देश के समग्र विकास में युवाओं की सहभागिता सबसे अहम है. उन्होंने छात्र-छात्राओं को सकारात्मक ऊर्जा के साथ राष्ट्र निर्माण की दिशा में सक्रिय कदम बढ़ाने की सीख दी.
विशेष पॉडकास्ट सत्र में छात्रों ने रखे विचार
प्रतियोगिता के उपरांत एक विशेष पॉडकास्ट सत्र आयोजित किया गया, जिसमें इंजीनियरिंग के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया. इस दौरान विद्यार्थियों ने अपने व्यक्तिगत अनुभव, नए आविष्कारिक विचार और विकसित भारत 2047 के रोडमैप से जुड़े अपने दृष्टिकोण को बेबाकी से साझा किया. इस इंटरैक्टिव सत्र के जरिए छात्रों को अपनी संचार और नेतृत्व कला को निखारने का बेहतरीन मंच मिला.
राष्ट्र निर्माण में दें सक्रिय योगदान: डीन
महाविद्यालय के डीन (अकादमिक) डॉ. गणेश कुमार ठाकुर ने छात्र-छात्राओं को कर्तव्यनिष्ठा का पाठ पढ़ाया. उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि छात्रों में सेवा भावना और नवाचार की ललक होनी चाहिए ताकि वे राष्ट्र निर्माण में अपना बहुमूल्य योगदान दे सकें. कार्यक्रम को सफल और सुव्यवस्थित बनाने में प्रो. निशांत निलय, सुमित लाल, सुनैना कुमारी एवं अमन कुमार सहित कॉलेज के कई संकाय सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही.
Also Read: बेयसा का जिला निर्वाचन संपन्न: चंदन कुमार 76 मत पाकर बने अध्यक्ष, आशुतोष आनंद चुने गए निर्विरोध सचिव
