hajipur news. गांधी सेतु पर चार जगह गाड़ियां खराब होने से दोनों लेन पर लगा जाम

गांधी सेतु से लेकर रामाशीष चौक तथा बीएसएनएल गोलंबर से लेकर नया एवं पुराना गंडक पुल तक लगा जाम, भीषण गर्मी एवं तेज धूप में फंसे रहे लोग

हाजीपुर. गांधी सेतु पर जाम से लोगों को निजात मिलने की संभावना दूर-दूर तक नहीं दिखाई दे रही है. हाजीपुर की ओर से पटना जाने वाले सेतु का पूर्वी लेन 24 घंटे से लगातार जाम है. इससे पटना जाने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. दर्जनों गाड़ियां छह से आठ घंटे से भी अधिक समय से जाम में फंसी है. इसके साथ ही पटना से हाजीपुर आने वाली पश्चिमी लेन पर चार स्थानों पर गाड़ी खराब होने के कारण पटना से हाजीपुर पहुंचने में भी लोगों को दो से तीन घंटे का समय लग रहा है. सेतु एवं हाई-वे पर इस कदर जाम लगी है कि जगह-जगह तैनात ट्रैफिक एवं थाना की पुलिस भी बेबस हो गयी है. हाजीपुर रामाशीष चाैक से मुजफ्फरपुर, छपरा, एवं पटना की ओर जाने वाली सभी मार्गों पर पिछले 24 घंटे से रुक-रुक कर लग रहे जाम के कारण भीषण गर्मी में लोगों का बुरा हाल हो गया है. सबसे अधिक परेशानी बस में बैठे सवारियों के साथ मरीजों को लेकर पटना जाने वाली एंबुलेंस चालकों को हो रही है. सेतु पर जाम लगने के कारण हाजीपुर शहर को जोड़ने वाली हाई-वे पर वाहनों की कतार रामाशीष चौक से लेकर पुलिस लाइन होते हुए एकारा तक, बीएसएनएल गोलंबर होते हुए गांधी सेतु से पटना तक तथा नया एवं पुराना गंडक पुल पर भी वाहनों की लाइन लगने के कारण पूरे शहर में महाजाम की स्थिति उत्पन्न हो गयी है.

गांधी सेतु के दक्षिणी छोड़ पर वाहनों को रोक कर खराब गाड़ियां हटायी गयीं

गांधी सेतु के पश्चिमी लेन में पाया संख्या 24 के पास एक ट्रक खराब हो गया. वहीं, पाया संख्या 21 एवं 16 के पास ऑटो तथा 11 के पास कार खराब होने के कारण पटना से आने वाली लेन पूरी तरह जाम लग गयी. जाम लगने के कारण खराब वाहनों को सेतु से हटाने में पुलिस का भी कोई चारा नहीं चल रहा था. गंगाब्रिज थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि काफी मशक्कत के बाद गांधी सेतु के दक्षिणी छोड़ पर वाहनों को रोक कर खराब गाड़ियों को हटाया गया है. जिसके बाद देर शाम पटना से हाजीपुर आने वाली लेन को क्लियर करा दिया गया है. वहीं पटना जाने वाली लेन की स्थिति काफी दयनीय बनी है.

नहीं कम हो रही ट्रक चालकों की मनमानी

ट्रैफिक व्यवस्था को संभालने में जुटी यातायात पुलिस ने बताया कि ट्रक चालकों की मनमानी के कारण जाम लग रही है. कई ट्रक चालक पुलिस के इशारों को इग्नोर करते हुए आगे बढ़ जाते है. वहीं आगे जाकर एक लेन की जगह दो लेन में चलने लगते है इसके कारण पासवान चौक के आगे निर्माणाधीन सड़क के पास जाम लग जाती है. बताया गया कि हाजीपुर से पटना जाने वाली लेन में रामाशीष चौक के पास ही आरओबी पर ट्रकों को रोक दिया जाता है तथा एक-एक कर गाड़ियों को धीरे-धीरे बढ़ाया जा रहा है. पुलिस पदाधिकारियों ने बताया कि जाम का मुख्य कारण हाई-वे पर ओवरटेक करने वाले वाहनों का ऑटो चालान काटने की कोई व्यवस्था नहीं है इसके कारण खासकर ट्रक चालक मनमानी कर आगे निकलने की होड़ में जाम फंसा देते है. इससे आम लोगों के साथ छोटे वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. ट्रैफिक थानाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि हाजीपुर से पटना जाने वाली मार्ग पर रामाशीष चौक के पास वाहनों को रोक कर जाम क्लियर करा दिया गया है. वहीं जढ़ुआ पुल के पास से लेकर सेतु तक हल्की जाम लगी है. पुलिस पदाधिकारी को तैनात किया गया है. धीरे-धीरे जाम हटाया जा रहा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shashi kant kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >