Vaishali News : वैशाली जिले के एसपी शुभांक मिश्रा ने शुक्रवार को एसपी थाना का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों और विभिन्न पंजियों का गहन निरीक्षण किया. साथ ही लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
अपराध नियंत्रण और गिरफ्तारी अभियान तेज करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थानाध्यक्ष राज कुमार सहित सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने तथा फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने का निर्देश दिया. उन्होंने लंबित वारंट और कुर्की के निष्पादन में तेजी लाने पर भी विशेष जोर दिया.
वाहन जांच और रात्रि गश्ती बढ़ाने पर जोर
एसपी शुभांक मिश्रा ने नियमित वाहन जांच अभियान चलाने, रात्रि गश्ती बढ़ाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि सक्रिय पुलिसिंग से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है.
फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार की हिदायत
एसपी ने पुलिसकर्मियों को आम लोगों के साथ शालीन और संवेदनशील व्यवहार करने की नसीहत दी. उन्होंने कहा कि थाना में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत पर त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा हर शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए.
बेहतर पुलिसिंग के लिए दिए दिशा-निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना की कार्यप्रणाली में आवश्यक सुधार, जवाबदेह पुलिसिंग और जनोन्मुखी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी दिए.
