Hajipur News: वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र में बाढ़ के पानी के तेज बहाव और गहराई की चपेट में आने से दो और लोगों की असमय जान चली गई. मृतकों की पहचान जुड़ावनपुर बरारी पंचायत के काकन टोला निवासी शिवसागर सिंह के 40 वर्षीय पुत्र अवध सिंह तथा पहाड़पुर पश्चिमी पंचायत निवासी रामप्रवेश राय के 18 वर्षीय पुत्र राजू कुमार के रूप में हुई है. 24 घंटे के भीतर हुई इन दोनों मौतों के बाद संबंधित गांवों में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को पानी से बाहर निकाला.
राशन लेने जा रहे अवध सिंह का पैर फिसला, गहरे पानी में समाए
पहली घटना शनिवार दोपहर की है, जब काकन टोला निवासी 40 वर्षीय अवध सिंह घर में खाद्य सामग्री समाप्त होने के कारण बाढ़ के पानी को हेलकर पास की दुकान से राशन लाने जा रहे थे. जलभराव अधिक होने और रास्ते पर कीचड़-फिसलन के कारण अचानक उनका पैर फिसल गया और वे संतुलन खोकर सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में चले गए. डूबते समय अवध सिंह की "बचाओ-बचाओ" की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत पानी में कूद पड़े, लेकिन जब तक लोग उन तक पहुंचते, वे गहरे पानी में समा चुके थे. ग्रामीणों ने काफी देर तक खोजबीन के बाद उनके शव को बाहर निकाला.
दोस्तों के साथ नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबा 18 वर्षीय राजू
दूसरी दर्दनाक घटना रविवार को पहाड़पुर पश्चिमी पंचायत में घटित हुई. 18 वर्षीय राजू कुमार अपने कुछ दोस्तों के साथ गांव के समीप जमा बाढ़ के पानी में नहाने गया था. स्नान करने के दौरान उसे पानी की गहराई का सही अंदाजा नहीं रहा और वह अचानक गहरे गड्ढे में चला गया. राजू को डूबता देख साथ मौजूद दोस्तों ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू किया. चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने पानी में उतरकर तलाश की और राजू को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं.
पुलिस ने सदर अस्पताल भेजा शव, थानाध्यक्ष ने जारी की सख्त चेतावनी
घटना की सूचना मिलते ही जुड़ावनपुर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ओझा पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर विधिक कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया. थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ओझा ने बताया कि दोनों घटनाएं बाढ़ के गहरे पानी में डूबने से हुई हैं. उन्होंने क्षेत्रवासियों और विशेषकर अभिभावकों से भावुक अपील करते हुए कहा कि लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए अपने बच्चों को बाढ़ के पानी में नहाने या खेलने से सख्ती से रोकें. उन्होंने आगाह किया कि राशन या जरूरी सामान लाने के लिए पानी को पार करने का जोखिम न उठाएं और केवल नावों का उपयोग करें.
Also Read: गंगा-गंडक का जलस्तर घटने लगा, लेकिन अभी टला नहीं बाढ़ का खतरा; इन इलाकों में बढ़ी परेशानी
