वैशाली के महुआ में शॉर्ट सर्किट से तीन भाइयों के घर में लगी भीषण आग: लाखों की संपत्ति जलकर राख

महुआ थाना क्षेत्र के अबाबकरपुर गांव में बिजली के शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई. बैजू सहनी के तीन बेटों के घर जलकर राख हो गए, जिसमें लाखों की संपत्ति, नकदी, राशन और सिलेंडर शामिल थे. ग्रामीणों ने बिजली कटवाकर आग बुझाने में मदद की.

महुआ (वैशाली). महुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत जलालपुर गंगटी पंचायत के अबाबकरपुर गांव में शनिवार की देर रात बिजली के शॉर्ट सर्किट से अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग की लपटों ने विकराल रूप ले लिया और बैजू सहनी के तीन पुत्रों के आशियाने को अपनी चपेट में ले लिया. इस अगलगी में सागर कुमार, सुरेंद्र चंद्र विद्याचंद्र एवं वीरेंद्र सहनी के झोपड़ीनुमा घर पूरी तरह जलकर राख हो गए. घटना के बाद पीड़ित परिवारों में चीख-पुकार और कोहराम मच गया.

बिजली कटवाकर आग बुझाने में जुटे ग्रामीण

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात जब परिवार के सदस्य सो रहे थे, तभी अचानक बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ और चिंगारी छप्पर पर जा गिरी. जब तक लोग कुछ समझ पाते, लपटों ने तीनों घरों को घेर लिया. ग्रामीणों ने त्वरित सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए सबसे पहले बिजली विभाग को फोन कर इलाके की विद्युत आपूर्ति बंद कराई. इसके बाद गांव के लोग चापाकलों और मोटर के सहारे आग पर काबू पाने की मशक्कत में जुट गए.

नकदी, राशन, सिलेंडर समेत 3 लाख की संपत्ति राख

ग्रामीणों और परिजनों के अथक प्रयास के बावजूद आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि घर के भीतर रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया. अगलगी में बक्से में रखे करीब 15 हजार रुपये नकद, दैनिक उपयोग के बर्तन, बिछावन, साइकिल, अनाज व राशन सामग्री, गैस सिलेंडर और कपड़े समेत लगभग ढाई से तीन लाख रुपये की संपत्ति पूरी तरह नष्ट हो गई. तीनों गरीब परिवारों के पास अब सिर छुपाने तक की जगह नहीं बची है.

दमकल ने पाया काबू, मुखिया ने की मुआवजे की मांग

घटना की सूचना ग्रामीणों द्वारा तुरंत अग्निशमन विभाग को दी गई. सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद बची हुई आग को पूरी तरह बुझाया. इस अनहोनी की जानकारी महुआ थाना और स्थानीय अंचल कार्यालय को दे दी गई है. इधर, सूचना पाकर जलालपुर गंगटी पंचायत के मुखिया अमोद कुमार पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे. उन्होंने पीड़ित भाइयों को ढांढस बंधाया और अंचलाधिकारी से आपदा प्रबंधन विभाग के तहत तुरंत प्लास्टिक शीट, राशन और उचित मुआवजा राशि उपलब्ध कराने की मांग की.

Also Read: वैशाली के महनार थाने में बड़ी कार्रवाई: थानेदार समेत 9 पुलिसकर्मी निलंबित, सूखा नशा कारोबार से सांठगांठ का आरोप

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दिलीप कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >