हाजीपुर की सड़कों पर ठेला-ई-रिक्शा का कब्जा, जाम से कराह रहा शहर

हाजीपुर में स्ट्रीट वेंडरों और ई-रिक्शा चालकों के अवैध कब्जे से ट्रैफिक व्यवस्था चरमराई, प्रशासन की उदासीनता के कारण आम लोग परेशान।

Hajipur News : हाजीपुर मेंं ट्रैफिक पुलिस और नगर परिषद की उदासीनता के कारण शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी है. सड़कों और फुटपाथों पर स्ट्रीट वेंडरों के ठेले तथा ई-रिक्शा और ऑटो चालकों की मनमानी से राहगीरों को परेशानी हो रही है. इसका खामियाजा दुकानदारों और व्यवसायियों को भी भुगतना पड़ रहा है. शहर के गांधी चौक, राजेंद्र चौक, त्रिमूर्ति चौक, गुदरी रोड, सिनेमा रोड और स्टेशन चौक समेत कई प्रमुख स्थानों पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है.

सड़क किनारे पार्किंग और ठेलों ने घटायी सड़कों की चौड़ाई

ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई नहीं होने से लोग सड़क किनारे वाहन खड़ा कर मार्केटिंग करने चले जाते हैं. इससे पहले से संकरी सड़कें और भी संकरी हो जाती हैं. वहीं सड़कों पर स्ट्रीट वेंडरों के ठेले लगने से यातायात प्रभावित हो रहा है. त्रिमूर्ति चौक, गांधी चौक, समाहरणालय गेट, अनवरपुर चौक, अस्पताल रोड और स्टेशन चौक पर सड़क किनारे वेंडरों का कब्जा रहता है. कई बार अस्पताल जाने वाली एंबुलेंस भी जाम में फंस जाती है.

पुलिस की मौजूदगी में सड़क पर खड़े रहते हैं ऑटो-ई-रिक्शा

शहर में यातायात व्यवस्था संभालने के लिए विभिन्न चौक-चौराहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाती है, लेकिन इसके बावजूद ई-रिक्शा और ऑटो चालक सड़क पर वाहन खड़ा कर सवारियों का इंतजार करते रहते हैं. इससे जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि मौके पर तैनात पुलिसकर्मी कई बार यातायात व्यवस्था संभालने के बजाय मोबाइल में व्यस्त या आपस में बातचीत करते नजर आते हैं. खानापूर्ति के लिए ट्रैफिक पुलिस की गाड़ी शहर का चक्कर जरूर लगाती है, लेकिन स्थायी समाधान के लिए ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है.

जगह उपलब्ध कराने के बाद भी सड़क पर ही जमे हैं वेंडर

शहर की सड़कों को स्ट्रीट वेंडरों से मुक्त कराने के लिए नगर परिषद प्रशासन ने एसडीओ रोड मोड़ के पास जगह उपलब्ध करायी थी. इसके बावजूद अब तक वेंडरों को वहां शिफ्ट नहीं कराया जा सका है. बताया जाता है कि उपलब्ध करायी गयी जगह पर भी कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है. विभागीय स्तर पर कार्रवाई नहीं होने के कारण ठेला-खोमचा संचालक सड़कों पर ही दुकान लगाकर जाम की समस्या बढ़ा रहे हैं.

जल्द तीन कतारों में शिफ्ट होंगे स्ट्रीट वेंडर : इओ

नगर परिषद के इओ सुशील कुमार दास ने बताया कि स्ट्रीट वेंडरों के लिए एसडीओ रोड मोड़ के पास उपलब्ध करायी गयी जगह का निरीक्षण किया गया है. वहां कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है, जिसे खाली कराया जाएगा. इसी स्थान पर मछली, फल और फूड वाले स्ट्रीट वेंडरों को तीन कतारों में शिफ्ट कराया जाएगा. इसके लिए विभाग की ओर से मास्टर प्लान तैयार किया गया है. जल्द ही सभी स्ट्रीट वेंडरों को निर्धारित स्थान पर शिफ्ट कराने के लिए अभियान चलाया जाएगा.

नगर परिषद के सहयोग नहीं करने से कार्रवाई में परेशानी : यातायात थाना प्रभारी

यातायात थाना प्रभारी सुजीत मिश्रा ने बताया कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. अवैध पार्किंग करने वाले वाहन चालकों का चालान भी काटा जा रहा है. उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी समस्या नगर परिषद की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने की है. इसके कारण सड़क किनारे अतिक्रमण और स्ट्रीट वेंडरों के खिलाफ कार्रवाई करने में पुलिस को भी परेशानी होती है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिषेक शाश्वत

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >