Hajipur News : समाज में सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से भारत स्काउट एवं गाइड और अर्थ डे नेटवर्क इंडिया द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ एवं ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम 2026 का आयोजन किया जा रहा है. अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह तक विभिन्न विद्यालयों एवं सामाजिक क्षेत्रों में चलाया जाएगा.
नोडल शिक्षकों को दी गयी जिम्मेदारी
अभियान के सफल संचालन को लेकर बुधवार को स्काउट भवन, हाजीपुर में स्काउट-गाइड नोडल शिक्षकों की बैठक हुई. इस दौरान शिक्षकों को कार्यक्रम की रूपरेखा और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये. शिक्षक सौरभ कुमार ने कहा कि नोडल शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और स्थानीय समुदाय को अभियान से जोड़कर इसे व्यापक जनभागीदारी का रूप दें.
17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ से शुरुआत
‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत 17 सितंबर की शाम सात बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से की जाएगी. इस अवसर पर घरों, सरकारी भवनों और लाभार्थियों के यहां दीप जलाकर सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया जाएगा.
भारत स्काउट एवं गाइड, वैशाली की ओर से शिक्षकों को बताया गया कि बच्चों और युवाओं को सेवा गतिविधियों से जोड़ने से उनमें अनुशासन, नेतृत्व, जिम्मेदारी, सहयोग, संवेदनशीलता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित होगी.
सेवा गतिविधियों में शामिल होंगे स्काउट-गाइड
एक माह तक चलने वाले अभियान में विभिन्न प्रकार की सेवा गतिविधियों को शामिल किया गया है. इनमें रक्तदान एवं स्वास्थ्य जागरूकता, स्वच्छता अभियान और श्रमदान प्रमुख हैं. विद्यालय परिसर, सार्वजनिक स्थानों, सड़क किनारे और सामुदायिक क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया जाएगा.
स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश
अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों और आम लोगों को स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा. साथ ही सेवा, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ी गतिविधियों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा.
