बाढ़ के बीच आज हाजीपुर पहुंचेंगे सीएम सम्राट चौधरी, सुरक्षा एजेंसियों ने संभाला मोर्चा

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज हाजीपुर का दौरा करेंगे, जहां बाढ़ से 91 हजार से अधिक लोग प्रभावित हैं. उनकी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. प्रशासन राहत कार्यों को अंतिम रूप दे रहा है.

CM in Hajipur today : हाजीपुर में सोमवार को सुबह 10 बजे हाजीपुर में गंगा ब्रिज थाना के सामने स्थित बाढ़ शिविर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गयी है. मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सक्रिय हो गयी हैं. कार्यक्रम स्थल और आसपास का पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है.

डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते ने खंगाला स्थल

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें लगातार कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर रही हैं. डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते ने कार्यक्रम स्थल के साथ आसपास के इलाकों की भी जांच की. संदिग्ध वस्तुओं और सुरक्षा से जुड़े हर संभावित पहलू की बारीकी से पड़ताल की गयी. कार्यक्रम स्थल तक आने-जाने वाले रास्तों पर भी पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गयी है.

91 हजार से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित

वैशाली जिले के छह प्रखंडों में बाढ़ से करीब 91,944 लोग प्रभावित हैं. प्रभावित क्षेत्रों में जिला प्रशासन की ओर से 29 सामुदायिक रसोई और तीन राहत शिविर संचालित किये जा रहे हैं. अब तक 8,700 ड्राई राशन पैकेट और 15 हजार से अधिक पॉलीथीन शीट वितरित की जा चुकी हैं.

250 से अधिक नावें राहत कार्य में तैनात

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और आवागमन के लिए 250 से अधिक नावें तैनात की गयी हैं. इसके अलावा एसडीआरएफ की 13 नावें भी राहत कार्य में लगायी गयी हैं. प्रभावित लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए 14 स्थायी स्वास्थ्य शिविर और पशुओं के उपचार के लिए सात पशु चिकित्सा शिविर संचालित किये जा रहे हैं.

प्रशासन ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां तेज कर दी गयी हैं. अधिकारियों की टीमें कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रही हैं. मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के साथ बाढ़ राहत कार्यों से संबंधित तैयारियों को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कैफ अहमद

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >