ज्ञान भारतम् मिशन : हाजीपुर में मिला 1911 के दिल्ली दरबार का दुर्लभ दस्तावेज

ज्ञान भारतम् मिशन के तहत हाजीपुर में एक बेहद दुर्लभ और ऐतिहासिक पांडुलिपि मिली है. यह दस्तावेज 11 दिसंबर 1911 को आयोजित दिल्ली दरबार से जुड़ा है.

हाजीपुर.

ज्ञान भारतम् मिशन के तहत हाजीपुर में एक बेहद दुर्लभ और ऐतिहासिक पांडुलिपि मिली है. यह दस्तावेज 11 दिसंबर 1911 को आयोजित दिल्ली दरबार से जुड़ा है. हाजीपुर प्रखंड के अड़रा पंचायत स्थित धरहरा स्टेट में यह ऐतिहासिक पांडुलिपि स्वर्गीय बाबू लंगट सिंह के परिवार के पास से मिली है, जो जिले के लिए एक बड़ी ऐतिहासिक खोज मानी जा रही है.

1911 के दिल्ली दरबार से है गहरा नाता

यह ऐतिहासिक दस्तावेज असल में एक रिकॉग्निशन लेटर है. वर्ष 1911 में ब्रिटिश सम्राट जॉर्ज पंचम की मौजूदगी में भव्य दिल्ली दरबार का आयोजन हुआ था. इसी शाही दरबार में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए बाबू लंगट सिंह को यह विशेष सम्मान प्रदान किया गया था. यह दुर्लभ पांडुलिपि उस कालखंड की शैक्षिक और सामाजिक विरासत को दर्शाती है. जिला प्रशासन ज्ञान भारतम् मिशन के तहत ऐसे ही पुराने दस्तावेजों के संग्रहण और डिजिटलीकरण का काम कर रहा है.

डीएम ने किया मुआयना, परिजनों से की चर्चा

इस ऐतिहासिक पांडुलिपि के मिलने की जानकारी जैसे ही प्रशासन को मिली, डीएम के नेतृत्व में अधिकारियों की एक टीम धरहरा स्टेट पहुंच गई. टीम ने पांडुलिपि के साथ-साथ वहां मौजूद अन्य सांस्कृतिक धरोहरों का भी जायजा लिया. इस दौरान अधिकारियों ने बाबू लंगट सिंह के वंशज और कई बार सांसद रहे स्व. दिग्विजय नारायण सिंह की पुत्रवधू नीलम सिन्हा और उनके पुत्र कुणाल सिंह से मुलाकात की. अधिकारियों ने परिवार के साथ इन धरोहरों के संरक्षण पर विस्तार से बातचीत की.

ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण की आम लोगों से अपील

इस खास मौके पर डीएम ने स्पष्ट किया कि ऐसी दुर्लभ पांडुलिपियां जिले की समृद्ध और गौरवशाली विरासत का अहम हिस्सा हैं, जिन्हें बचाकर रखना हमारी प्राथमिकता है. उन्होंने जिले के आम लोगों से भी अपील की है कि अगर उनके पास किसी भी प्रकार के प्राचीन दस्तावेज, पांडुलिपियां या कोई ऐतिहासिक सामग्री मौजूद है, तो वे इसकी जानकारी जिला प्रशासन को जरूर दें. प्रशासन इन अमूल्य धरोहरों का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण और अभिलेखीकरण सुनिश्चित करेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AJAY KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >