Raghopur Student Train Accident : वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड के एक छात्र ने इंसानियत की ऐसी मिसाल पेश की, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं. पटना के बंका घाट रेलवे स्टेशन पर एक महिला की जान बचाने के प्रयास में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे सौरभ कुमार खुद ट्रेन की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
Vaishali News : महिला को बचाया, खुद गंवा दी जान
जानकारी के अनुसार राघोपुर प्रखंड के जुड़ावनपुर निवासी नरेंद्र सिंह के पुत्र सौरभ कुमार बुधवार शाम गांव से पटना लौट रहे थे. इसी दौरान बंका घाट रेलवे स्टेशन पर एक महिला रेलवे ट्रैक पार कर रही थी. तभी तेज रफ्तार भागलपुर इंटरसिटी ट्रेन आती दिखाई दी. महिला को खतरे में देखकर सौरभ उसे बचाने के लिए दौड़ पड़े. महिला तो सुरक्षित बच गई, लेकिन सौरभ ट्रेन की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
Hajipur News : प्रतियोगी परीक्षाओं की कर रहे थे तैयारी
सौरभ कुमार तीन भाइयों में सबसे छोटे थे और स्नातक के छात्र थे. वह पटना में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे. परिवार और गांव के लोगों को उनसे बड़ी उम्मीदें थीं.
हादसे के बाद गांव में पसरा मातम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की. जैसे ही हादसे की खबर जुड़ावनपुर गांव पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
'सौरभ हमेशा दूसरों की मदद के लिए तैयार रहता था'
स्थानीय समाजसेवी विपुल कुमार सिंह ने बताया कि सौरभ पढ़ाई में बेहद होनहार, मेहनती और मिलनसार युवक था. वह प्रतियोगी परीक्षा पास कर परिवार का सहारा बनना चाहता था, लेकिन दूसरे की जान बचाने के प्रयास में उसने अपनी जिंदगी कुर्बान कर दी. उसकी बहादुरी और मानवता की भावना को लोग हमेशा याद रखेंगे.
Also Read : वैशाली के 133 गांवों का बदलेगा विकास मॉडल, PM अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना पर डीएम ने दिया बड़ा निर्देश
