Hajipur News : प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत योग्य लाभार्थियों के चयन और सूची के सत्यापन को लेकर बुधवार को प्रखंड क्षेत्र की सात पंचायतों में विशेष आमसभा का आयोजन किया गया. डीडीसी के निर्देश पर आयोजित आमसभा को लेकर बीडीओ ने पंचायत सचिव, आवास सहायक और मुखिया को जिम्मेदारी सौंपी थी.
बकाढ़ पंचायत में ग्रामीणों के समक्ष रखी सूची
बकाढ़ पंचायत स्थित सरकार भवन में मुखिया शहजाद अहमद किदवई की अध्यक्षता में विशेष आमसभा आयोजित की गयी. पंचायत सचिव राजकिशोर प्रसाद ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों की सूची ग्रामीणों के समक्ष प्रस्तुत की.
आमसभा में विभिन्न वार्डों से पहुंचे ग्रामीणों ने सूची में शामिल लाभार्थियों के नामों की जानकारी ली. पात्र लाभार्थियों का चयन कर उन्हें योजना के तहत आवास का लाभ उपलब्ध कराने को लेकर चर्चा की गयी.
चयन प्रक्रिया की दी गयी जानकारी
पंचायत आवास सहायक ने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के सरकारी दिशा-निर्देशों और लाभार्थी चयन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी. आमसभा की कार्यवाही आवास पर्यवेक्षक विकास कुमार की मौजूदगी में की गयी.
अन्य पंचायतों में भी हुई आमसभा
दरगाह बेला पंचायत में मुखिया सुलेखा कुमारी की अध्यक्षता में विशेष आमसभा आयोजित की गयी. इसके अलावा चांदपुर फतह, लदहो, सिमरबड़ा और डभैंछ सहित अन्य पंचायतों में भी विशेष आमसभाएं आयोजित की गयीं.
ग्रामीणों की सहभागिता से होगा सूची का सत्यापन
विशेष आमसभाओं का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की सहभागिता से लाभार्थियों की सूची का सत्यापन करना और पात्र लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाना था. आमसभा के दौरान ग्रामीणों को सूची से संबंधित जानकारी देने के साथ पात्रता और चयन प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया.
मौके पर उपमुखिया राजू पासवान, वार्ड सदस्य अनिल पासवान, शहादत अंसारी, शिवप्रसाद पासवान सहित अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित थे.
