Vaishali Police Action: हरलोचनपुर थाना क्षेत्र में कर्तव्य के प्रति लापरवाही और अनुसंधान में प्रक्रियात्मक त्रुटियों के मामले में पुलिस प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है. पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने बताया कि हरलोचनपुर थानाध्यक्ष समेत दो अन्य पुलिस पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
हरलोचनपुर थाना कांड संख्या 23/26 के अनुसंधान के दौरान महुआ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी द्वारा मामले की जांच की गयी थी. जांच के दौरान अनुसंधानकर्ता द्वारा अनुसंधान और केस डायरी लिखने में प्रक्रियात्मक त्रुटियां पायी गयीं. जांच रिपोर्ट में सामने आयी त्रुटियों और कर्तव्य के प्रति बरती गयी लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने तीनों पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की.
तीनों पदाधिकारियों को किया गया लाइन हाजिर
निलंबित होने वालों में हरलोचनपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार यादव, अनुसंधानकर्ता इन्द्रजीत कुमार और अनुसंधानकर्ता सुमन झा शामिल हैं. तीनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए पुलिस केंद्र, हाजीपुर लाइन हाजिर कर दिया गया है.
सुबोध कुमार को बनाया गया नया थानाध्यक्ष
प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए एसआई सुबोध कुमार को हरलोचनपुर थाने का नया थानाध्यक्ष पदस्थापित किया गया है. पुलिस प्रशासन ने अनुसंधान प्रक्रिया में नियमों के पालन और कर्तव्य के प्रति गंभीरता बरतने पर जोर दिया है.
इसे भी पढ़ें: ‘झंडू कुमार’ को कभी नाम पर मिले ताने, मेडल जीते तो हुआ भव्य स्वागत, पीएम मोदी की भी मिली बधाई
