Hajipur Crime : मृतका की पहचान धर्मपुर गांव निवासी सिराती देवी (35) के रूप में हुई है. वह पवन महतो की पत्नी थी. स्थानीय लोगों के अनुसार, सिराती देवी का पड़ोसी गांव जगदीशपुर निवासी बिरजू महतो से प्रेम संबंध था. करीब चार माह पहले वह अपने चार बच्चों को छोड़कर बिरजू महतो के साथ घर से चली गई थी. महिला के पति पवन महतो मुंबई में मजदूरी करते हैं.
बेड के नीचे मिला शव, गांव में मचा हड़कंप
स्थानीय लोगों ने बताया कि शुक्रवार शाम महिला और उसका कथित प्रेमी गांव पहुंचे थे. शनिवार सुबह घर में कोई हलचल नहीं होने पर आसपास के लोगों ने अंदर झांककर देखा तो महिला का शव बेड के नीचे पड़ा मिला. इसकी सूचना तत्काल तिसीऔता थाना पुलिस को दी गई. थानाध्यक्ष राजेश कुमार यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
घटना के बाद प्रेमी का परिवार फरार
ग्रामीणों के अनुसार, घटना के बाद से कथित प्रेमी बिरजू महतो और उसके परिवार के सदस्य घर छोड़कर फरार हैं. पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है.
टूटी खिड़की से हत्या की आशंका
पुलिस जांच में मकान की एक खिड़की टूटी हुई मिली है. आशंका जताई जा रही है कि किसी ने खिड़की तोड़कर घर में प्रवेश किया और महिला की हत्या कर शव को बेड के नीचे छिपा दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
थानाध्यक्ष राजेश कुमार यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला की हत्या की आशंका है. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद से पटना के नौबतपुर तक सड़क होगी फोरलेन, इन जगहों पर बनेंगे बाइपास, ट्रैफिक होगा कम
