हाजीपुर: 17 साल पुराने जर्जर स्क्रू पाइल पुल पर जाम, घंटों फंसे रहे सैकड़ों वाहन

राघोपुर के रुस्तमपुर में 17 साल पुराने जर्जर स्क्रू पाइल पुल पर भीषण जाम से सैकड़ों वाहन फंसे। पीपा पुल बंद होने से बढ़ा दबाव, लोगों को भारी परेशानी।

Hajipur News : वैशाली जिले के रुस्तमपुर प्रखंड क्षेत्र के रुस्तमपुर स्थित 17 साल पुराने जर्जर स्क्रू पाइल पुल पर शुक्रवार को एक बार फिर भीषण जाम लग गया. सुबह से शुरू हुआ जाम कई घंटे तक जारी रहा. पुल के अलावा दोनों ओर की सड़कों पर भी वाहनों की लंबी कतार लग गयी. जाम में सैकड़ों वाहन फंसे रहे, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

शुक्रवार की सुबह अचानक पुल पर वाहनों का दबाव बढ़ गया. देखते ही देखते दोपहिया, तीनपहिया और चारपहिया वाहनों की कतार लग गयी. भीषण गर्मी के बीच स्कूली बच्चे, मरीज, महिलाएं और जरूरी काम से निकले लोग घंटों जाम में फंसे रहे.

पीपा पुल बंद होने से बढ़ा दबाव

स्थानीय लोगों के अनुसार, रुस्तमपुर गंगा नदी पर बने दो पीपा पुल, जमींदारी घाट और पटना जिले के गयासपुर घाट पर बने पीपा पुल को पिछले महीने बंद कर दिया गया है. इसके बाद इन मार्गों से गुजरने वाले वाहनों का दबाव सिक्स लेन पुल और रुस्तमपुर के स्क्रू पाइल पुल पर बढ़ गया है.

ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर पुल पहले से ही भारी वाहनों के दबाव में है. अब पीपा पुल बंद होने के बाद वाहनों की संख्या बढ़ने से यहां आए दिन जाम की स्थिति बन रही है. लोगों ने जाम से निपटने के लिए पुल के दोनों छोर पर स्थायी रूप से पुलिस बल तैनात करने की मांग की है.

2009 में हुआ था पुल का उद्घाटन

रुस्तमपुर का स्क्रू पाइल पुल करीब 17 साल पुराना है. इसका उद्घाटन 24 नवंबर 2009 को तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया था. इसके बाद से यह पुल राघोपुर प्रखंड की करीब 16 पंचायतों के लोगों के आवागमन का प्रमुख माध्यम बना हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि पुल जर्जर हालत में पहुंच चुका है, लेकिन इसके अलावा आवागमन के लिए पर्याप्त वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है. ऐसे में मजबूरी में रोजाना बड़ी संख्या में लोग इसी पुल से आवाजाही करते हैं.

नया पुल तैयार, एप्रोच रोड का इंतजार

पुराने जर्जर पुल के बगल में नए उच्चस्तरीय पुल का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है. स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब तीन वर्ष पहले शुरू हुए इस पुल का काम अब अंतिम चरण में है, लेकिन दोनों तरफ एप्रोच रोड का निर्माण अब तक पूरा नहीं हुआ है. एप्रोच रोड अधूरा रहने के कारण नया पुल अभी चालू नहीं हो सका है.

नए पुल को जल्द चालू कराने की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि यदि एप्रोच रोड का निर्माण जल्द पूरा कर नए पुल को चालू कर दिया जाए तो पुराने पुल पर वाहनों का दबाव काफी कम हो सकता है. इससे जाम की समस्या से भी लोगों को राहत मिलेगी. स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से एप्रोच रोड का काम शीघ्र पूरा कर नए पुल को जल्द चालू कराने तथा पुराने पुल पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राहुल कुमार राय

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >