Hajipur smack seizure: मद्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, पटना तथा महनार थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में महनार थाना क्षेत्र के लावापुर नारायण गांव से भारी मात्रा में स्मैक (कोटा) बरामद की गई है. पुलिस ने छापेमारी के दौरान 492.99 ग्राम मादक पदार्थ, 6 लाख 51 हजार 178 रुपये नकद, एक देशी कट्टा, सोना-चांदी तथा दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं. पुलिस के अनुसार महनार थाना क्षेत्र में अब तक की यह सबसे बड़ी स्मैक बरामदगी है.
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
एसडीपीओ प्रवीण कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि मद्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, पटना को सूचना मिली थी कि लावापुर नारायण गांव निवासी मंजय राय और धनंजय राय अपने घर में बड़े पैमाने पर स्मैक का कारोबार कर रहे हैं.
सूचना के सत्यापन के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर संयुक्त छापेमारी की गई. तलाशी के दौरान घर से प्लास्टिक के डिब्बों और पॉलिथीन में रखी कुल 492.99 ग्राम स्मैक बरामद की गई.
15 से 20 लाख रुपये आंकी गई कीमत
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जब्त स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 15 से 20 लाख रुपये के बीच आंकी जा रही है. छापेमारी के दौरान एक देशी पिस्टल, रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल (BR31E 4652), हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (BR33AY 0466), 6.51 लाख रुपये नकद, 870 ग्राम चांदी जैसी धातु, 18 ग्राम सोना जैसी पीली धातु, एक टाइमेक्स घड़ी और चार बजाज पंखे भी बरामद किए गए.
संपत्ति और आय के स्रोत की होगी जांच
एसडीपीओ ने बताया कि मामले में बीएनएस और एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि मंजय राय और धनंजय राय की संपत्ति तथा आय के स्रोतों की भी जांच की जाएगी, ताकि मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके.
नशा कारोबारियों पर जारी रहेगा अभियान
एसडीपीओ प्रवीण कुमार ने कहा कि मादक पदार्थों और शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. ऐसे कारोबारियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. छापेमारी दल में महनार थानाध्यक्ष वेदानंद सिंह, एसआई राम विनय कुमार, पुलिस पदाधिकारी अनिल पांडेय समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
युवाओं में बढ़ती नशे की लत पर चिंता
स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता बताते हुए मादक पदार्थ कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने की मांग की है. उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ महीनों से महनार बाजार और आसपास के ग्रामीण इलाकों में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और युवाओं में बढ़ते नशे को लेकर लगातार चिंता व्यक्त की जा रही थी. स्थानीय लोगों का कहना है कि सूखे नशे का बढ़ता प्रभाव युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है.
