Lawrence Bishnoi Gang Threat : (कैफ अहमद) राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और महुआ के पूर्व विधायक डॉ. मुकेश रोशन को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है. धमकी मिलने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है. पूर्व विधायक ने पुलिस से सुरक्षा की मांग करते हुए पूरे मामले की जांच कराने की अपील की है.
Lawrence Bishnoi Gang व्हाट्सएप कॉल और मैसेज से मिली धमकी
डॉ. मुकेश रोशन ने वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना को दिए आवेदन में बताया है कि उनके मोबाइल नंबर पर लगातार व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए धमकियां दी जा रही हैं. आवेदन के मुताबिक धमकी देने वाला व्यक्ति खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बता रहा है.
आवेदन में मोबाइल नंबर का भी किया जिक्र
पूर्व विधायक ने अपने आवेदन में एक मोबाइल नंबर का भी उल्लेख किया है, जिससे कथित तौर पर धमकी भरे संदेश भेजे गए. उन्होंने पुलिस से नंबर की जांच कर धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
Bihar News : परिवार की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
डॉ. मुकेश रोशन ने कहा कि उन्हें केवल अपनी ही नहीं बल्कि पूरे परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से तत्काल सुरक्षा मुहैया कराने और मामले को गंभीरता से लेने की मांग की है.
Hajipur News :1993 की घटना का भी किया उल्लेख
आवेदन में पूर्व विधायक ने वर्ष 1993 की एक पुरानी घटना का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय उनके पिता और कई रिश्तेदारों की हत्या कर दी गई थी. उस मामले में कई कुख्यात अपराधियों और राजनीतिक लोगों के नाम सामने आए थे. इसी वजह से वर्तमान धमकियों को लेकर उनकी चिंता और बढ़ गई है.
तेजस्वी यादव के करीबी नेताओं में होती है गिनती
डॉ. मुकेश रोशन वर्ष 2020 में महुआ विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे. वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने राजद के टिकट पर चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा. राजनीतिक गलियारों में उन्हें नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के करीबी नेताओं में माना जाता है.
Mukesh Roshan Threat पुलिस जांच में जुटी
पूर्व विधायक द्वारा लिखित शिकायत दिए जाने के बाद पुलिस प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है. पुलिस धमकी देने वाले नंबर और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है. जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
