Hajipur Viral News: वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र के लावापुर गांव में शादी समारोह के दौरान आयोजित देवी पूजा (बिलौकी) कार्यक्रम में कथित हथियार लहराने का वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की. जांच में पता चला कि वीडियो में दिखाई दे रहा हथियार असली नहीं, बल्कि खिलौना पिस्टल था.
सिंटू और गुड्डू को पुलिस ने लिया हिरासत में
हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान सिंटू कुमार और गुड्डू कुमार, दोनों पिता जय राम राय, निवासी लावापुर, महनार के रूप में हुई है.
वायरल वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया था. सूचना मिलते ही महनार थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों युवकों को पकड़ लिया.
जांच में सामने आई वीडियो की सच्चाई
पुलिस की जांच में स्पष्ट हुआ कि वीडियो में जिस हथियार को असली पिस्टल समझा जा रहा था, वह वास्तव में एक खिलौना पिस्टल थी. इसके बाद पुलिस ने खिलौना पिस्टल को जब्त कर दोनों युवकों को थाना लाकर पूछताछ शुरू की.
एसडीपीओ बोले— जांच के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
महनार के एसडीपीओ प्रवीण कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो की गंभीरता से जांच की जा रही है. दोनों युवकों को खिलौना पिस्टल के साथ थाना लाया गया है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर इस प्रकार के वीडियो लोगों में भ्रम और भय का माहौल पैदा कर सकते हैं. इसलिए ऐसे मामलों को पुलिस पूरी गंभीरता से ले रही है. कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ या अनावश्यक शक्ति प्रदर्शन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
यह भी पढे़ं: गरीबनाथ मंदिर जाने वाले ध्यान दें… श्रावणी मेले में प्लास्टिक ग्लास बैन, बाइक से आने वालों की ‘नो एंट्री’
