Hajipur News: (गोपाल कुमार) वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र के महुआ-ताजपुर मार्ग एसएच-49 स्थित बरडीहा पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित थार ने बाइक सवार को दूसरे साइड में जाकर ठोकर मार दी. ठोकर लगने से बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. ठोकर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार हवा में उछलकर दूर जा गिरा.
टक्कर की आवाज सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी. लोगों ने भाग रहे थार चालक को पीछा कर बाजितपुर गांव में पकड़ लिया. इधर मौके पर जुटे लोगों ने घायलों की पहचान कर घटना की जानकारी परिजनों को दी.
जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच कर आनन-फानन में दोनों घायलों को इलाज के लिए महुआ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. जहां दोनों की हालत स्थिर बतायी गयी है. घायल तिसीऔता थाना क्षेत्र के प्राणपुर गांव निवासी श्रवण राय का पुत्र गोलू कुमार तथा भतीजा सोनू कुमार है.
डेयरी से घर लौट रहा था बाइक सवार
बताया गया कि देर रात दस बजे के करीब सोनू कुमार अपने चचेरे भाई के साथ डेयरी से घर लौट रहा था. इसी दौरान महुआ के तरफ से जा रही तेज रफ्तार थार के चालक ने नियंत्रण खो दिया तथा सड़क के दूसरी तरफ से आ रहे बाइक सवार को जबरदस्त ठोकर मार दी.
टक्कर की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े. लोगों ने बताया कि थार का चालक गाड़ी लेकर भागने लगा. जिसे स्थानीय ग्रामीणों ने बाइक से लगभग दो किलोमीटर पीछा कर पकड़ लिया. हालांकि चालक मौके से फरार हो गया.
घायल के परिजनों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पातेपुर पुलिस मौके पर पहुंच गयी.पुलिस ने थार को जब्त कर थाने ले गयी है.
क्या कहती है पुलिस
इस संबंध में थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि बरडीहा गांव में थार की ठोकर से बाइक सवार दो लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिली थी.
पुलिस मौके पर पहुंच कर गाड़ी को जब्त कर लिया है. इस मामले में घायल के परिजनों ने पुलिस को लिखित आवेदन नहीं दिया है. आवेदन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद में पारा स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर का आज उद्घाटन, जानें क्या होंगी सुविधाएं
