हाजीपुर से कृत्यानंद सिंह की रिपोर्ट
Hajipur News : हाजीपुर-महनार मुख्य मार्ग (एनएच-122बी) पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना सुल्तानपुर गांव के समीप उस समय हुई, जब तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया. घायलों की पहचान भिखनपुरा निवासी पिंटू कुमार (पिता- सुरेश राम) तथा तरुण कुमार (पिता- हृदयलाल भास्कर) के रूप में हुई है. बताया जाता है कि दोनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
पैर में गंभीर चोट के साथ दो युवक अस्पताल में भर्ती, पिकअप चालक फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना में एक युवक के पैर में गंभीर चोट लगी है, जबकि दूसरे युवक को भी शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) महनार पहुंचाया.
दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए किया गया रेफर
सीएचसी महनार में चिकित्सकों ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया. हालांकि उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज की आवश्यकता महसूस की गई. इसके बाद चिकित्सकों ने दोनों को हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मामले की जानकारी जुटाने में लग गई है. दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर फरार हो गया. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी हुई है.
Also Read : जेपीयू नामांकन: छपरा, सीवान और गोपालगंज से उमड़े आवेदन, 40 हजार पार पहुंचने की संभावना
