हाजीपुर से कैफ अहमद की रिपोर्ट
Hajipur News : हाजीपुर नगर परिषद क्षेत्र के रामबालक चौक से यादव चौक तक बनने वाले नाले के निर्माण कार्य का शनिवार को विधिवत शिलान्यास किया गया. नगर परिषद की सभापति डॉ. संगीता कुमारी ने पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया. रामबालक चौक से यादव चौक होते हुए डाकबंगला चौक तक नाला का निर्माण प्रारम्भ हो गया है. सड़क पर नाला निर्माण के दौरान ये सड़क बंद रहेगा. इस अवसर पर डॉ. संगीता कुमारी ने कहा कि शहर में जलनिकासी की समस्या के समाधान के लिए यह नाला निर्माण अत्यंत आवश्यक है. इसके निर्माण से बरसात के दिनों में होने वाले जलजमाव से लोगों को काफी राहत मिलेगी तथा शहर की जल निकासी व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी.
नाला निर्माण के चलते डाकबंगला रोड पर आवागमन प्रभावित
उन्होंने बताया कि इस नाला निर्माण परियोजना पर कुल 86 लाख 92 हजार 503 रुपये की लागत से बनाई जा रही है. यह कार्य शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. सभापति ने नगरवासियों को जानकारी देते हुए कहा कि नाला निर्माण कार्य के कारण रविवार को डाक बंगला रोड, यादव चौक होते हुए रामबालक चौक तक का मार्ग बंद रहेगा. उन्होंने आम लोगों से अपील की कि असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें. इस अवसर पर नगर परिषद के जेईई कृष्णा प्रसाद, नगर प्रबंधक दीपक कुमार तिवारी, वार्ड पार्षद समेत अन्य लोग उपस्थित थे.
