(हाजीपुर से कैफ अहमद की रिपोर्ट)
Hajipur News: वैशाली जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात नियमों के प्रभावी पालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन एवं परिवहन विभाग द्वारा चलाए गए विशेष सघन वाहन जांच अभियान में बड़ी कार्रवाई की गई है. 10 जून से 13 जून के बीच जिले के विभिन्न राष्ट्रीय एवं राज्य उच्च पथों पर नियमों का उल्लंघन करने वाले 2,471 वाहनों से कुल 26,19,278 रुपये का जुर्माना वसूला गया.
तीनों अनुमंडलों में चला संयुक्त अभियान
यह विशेष जांच अभियान हाजीपुर, महुआ और महनार अनुमंडल में एक साथ चलाया गया. अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख सड़कों पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की गहन जांच की गई.
वाहनों के दस्तावेज और सुरक्षा मानकों की हुई जांच
जांच के दौरान ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के आवश्यक कागजात, हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया गया. नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया गया.
नो-पार्किंग में खड़े भारी वाहनों पर भी गिरी गाज
अभियान के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-122, राष्ट्रीय राजमार्ग-22 और राज्य उच्च पथ-49 पर नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े बड़े एवं भारी वाहनों के खिलाफ भी विशेष कार्रवाई की गई. ऐसे वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत चालान काटे गए.
यातायात नियमों के पालन की अपील
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और वाहन चलाते समय आवश्यक सुरक्षा उपायों को अपनाएं. दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन चालकों और यात्रियों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की सलाह दी गई है.
इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद में पारा स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर का आज उद्घाटन, जानें क्या होंगी सुविधाएं
