हाजीपुर से नवीन कुमार सिंह की रिपोर्ट
Hajipur Murder News : वैशाली जिले के हाजीपुर अनुमंडल अंतर्गत सराय थाना क्षेत्र के प्रबोधि नरेंद्र गांव में शनिवार रात एक 57 वर्षीय दिव्यांग व्यक्ति की गला रेतकर हत्या कर दी गई. रविवार सुबह फूस के दलान में शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है.
फूस के दलान में मिला दिव्यांग का शव
सराय थाना क्षेत्र के प्रबोधि नरेंद्र गांव निवासी 57 वर्षीय शंकर सिंह शनिवार रात भोजन करने के बाद घर के पास बने फूस के दलान में सोने गए थे. रविवार सुबह काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर परिजन उन्हें देखने पहुंचे. वहां उनका शव बिस्तर पर पड़ा मिला और उनका गला कटा हुआ था. घटना के बाद परिवार और गांव में मातम पसर गया.
घटना से गांव में दहशत
हत्या की खबर फैलते ही पूरे गांव में दहशत का माहौल कायम हो गया. बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर दहशत और आक्रोश का माहौल देखा गया.
पुलिस और एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची. मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ-2 लालगंज गोपाल मंडल और एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पहुंची. टीम ने फूस के दलान और आसपास के इलाके का बारीकी से निरीक्षण किया तथा फिंगरप्रिंट सहित अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए.
हत्या के कारणों की हर पहलू से हो रही जांच
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेज दिया. फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस आपसी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. हालांकि अभी तक किसी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
अविवाहित थे शंकर सिंह
परिजनों के अनुसार शंकर सिंह अविवाहित थे और दिव्यांग होने के कारण घर के पास बने अलग फूस के दलान में अकेले रहते थे. परिवार के लोगों ने किसी पुरानी दुश्मनी की स्पष्ट जानकारी नहीं होने की बात कही है.
पुलिस का क्या कहना है
सदर एसडीपीओ-2 लालगंज गोपाल मंडल ने बताया कि दिव्यांग व्यक्ति का शव उनके बिस्तर पर गला कटा हुआ मिला है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : हाजीपुर सदर अस्पताल में ओपीडी के बाहर कचरे का अंबार, मरीजों ने उठाए स्वच्छता पर सवाल
