हाजीपुर जंक्शन पर 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान: रेलकर्मियों ने किया श्रमदान व पौधारोपण, यात्रियों से डस्टबिन इस्तेमाल करने की अपील

हाजीपुर जंक्शन परिसर में 'स्वच्छता ही सेवा' पखवाड़े के तहत एक व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया. इसमें रेल अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्काउट-गाइड्स ने श्रमदान और पौधारोपण कर स्वच्छता का संदेश दिया. यात्रियों से स्टेशन पर कचरा न फैलाने और डस्टबिन का प्रयोग करने की अपील की गई.

हाजीपुर (वैशाली). सोनपुर रेल मंडल के तत्वावधान में रविवार को हाजीपुर जंक्शन परिसर में 'स्वच्छता ही सेवा' पखवाड़े के तहत व्यापक जन-जागरूकता अभियान, श्रमदान और पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. स्वर्गीय कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन सोनपुर रेल मंडल के सहायक मंडल यांत्रिक इंजीनियर (AME) विकास शुक्ला ने किया. इस दौरान रेल अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्काउट-गाइड्स ने स्टेशन परिसर में सफाई अभियान चलाकर यात्रियों को स्वच्छता का संदेश दिया.

सामूहिक प्रयास से ही स्वच्छ बनेंगी ट्रेनें और स्टेशन परिसर

उद्घाटन संबोधन में सहायक मंडल यांत्रिक इंजीनियर विकास शुक्ला ने कहा कि ट्रेनों और रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है. उन्होंने कहा कि रेलवे प्रशासन के प्रयासों के साथ-साथ इसमें आम यात्रियों और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता बेहद निर्णायक है. उन्होंने यात्रियों से भावुक अपील करते हुए कहा कि स्टेशन पर कहीं भी इधर-उधर कचरा न फेंकें, बल्कि केवल निर्धारित डस्टबिन का ही उपयोग करें. इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जंक्शन परिसर में पौधरोपण भी किया.

17 सितंबर से 15 अक्टूबर तक चलेगा विशेष स्वच्छता पखवाड़ा

कार्यक्रम में स्वर्गीय कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान के सचिव डॉ. सुधीर कुमार शुक्ला ने कहा कि भारतीय रेल देश की जीवनरेखा है और इसे स्वच्छ रखना हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य है. उन्होंने जानकारी दी कि रेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार 17 सितंबर से 15 अक्टूबर तक विशेष स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है. इसके अंतर्गत स्टेशनों, यात्री प्रतीक्षालयों, पटरियों और ट्रेनों में सघन सफाई अभियान चलाकर जन-जागरूकता फैलाई जा रही है, ताकि स्वच्छ रेल-स्वच्छ भारत का सपना साकार हो सके.

रेल अधिकारियों व स्काउट-गाइड्स ने लगाए पौधे

कार्यक्रम के दौरान स्टेशन परिसर में हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई छायादार व फलदार पौधे लगाए गए. इस अभियान में मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक संजय कुमार सिन्हा, अपर स्टेशन अधीक्षक विजय कुमार, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के सब-इंस्पेक्टर राकेश सिंह, भारत स्काउट एंड गाइड के आयुक्त ऋतुराज, संस्थान के राहुल कुमार, कन्हाई कुमार झा, मिथिलेश पटेल, मुन्ना सिंह और विपिन कुमार सहित बड़ी संख्या में रेलकर्मी व सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

Also Read: वैशाली के महनार थाने में बड़ी कार्रवाई: थानेदार समेत 9 पुलिसकर्मी निलंबित, सूखा नशा कारोबार से सांठगांठ का आरोप

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिषेक शाश्वत

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >