हाजीपुर में 71.75 ग्राम हेरोइन के साथ 4 गिरफ्तार, चकमकरन हॉल्ट पर ट्रेन से उतरते ही पुलिस ने दबोचा

ऑपरेशन नीलकंठ के तहत वैशाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 71.75 ग्राम हेरोइन के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है. ये सभी तस्कर चकमकरन हॉल्ट पर ट्रेन से उतरते ही पुलिस के हत्थे चढ़े. पुलिस अब पूरे ड्रग नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी है.

Hajipur News: मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाये जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत वैशाली पुलिस ने चार आरोपितों को 71.75 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, चारों आरोपित ट्रेन से चकमकरन हॉल्ट पर उतरने के बाद पुलिस की गिरफ्त में आये. सभी आरोपित बिदुपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं.

गुप्त सूचना पर चकमकरन हॉल्ट पहुंची पुलिस

सदर-2 एसडीपीओ गोपाल मंडल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि शुक्रवार देर रात औद्योगिक थाना पुलिस को मद्य-निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, पटना से सूचना मिली थी कि कुछ लोग ट्रेन से चकमकरन हॉल्ट पर नशीले पदार्थ लेकर उतरने वाले हैं.

सूचना के आधार पर एसएसपी के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गयी. टीम ने चकमकरन हॉल्ट पर छापेमारी कर चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान उनके पास से 71.75 ग्राम हेरोइन बरामद की गयी.

चारों आरोपित बिदुपुर के रहने वाले

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अमन कुमार और मणिकांत पासवान, दोनों मथुरापुर निवासी, विजय कुमार, बिदुपुर गणिनाथ निवासी और नकुल राय, बिदुपुर डीह निवासी के रूप में की है. पुलिस के अनुसार, चारों बिदुपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं.

तलाशी के दौरान हेरोइन के अलावा पांच मोबाइल फोन और एक एलईडी टीवी भी बरामद किया गया है.

ड्रग नेटवर्क को खंगाल रही पुलिस

पुलिस पूरे मामले के नेटवर्क की जांच में जुटी है. यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था.

इस मामले में औद्योगिक थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिषेक कुमार

अभिषेक कुमार 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनकी सबसे अच्छी पकड़ क्राइम और राजनीति की खबरों पर है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >