Hajipur News : स्थानीय जमुनी लाल महाविद्यालय परिसर में शुक्रवार को नए शैक्षणिक सत्र के सामाजिक विज्ञान संकाय के नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक परंपराओं, राष्ट्रीय शिक्षा नीति, सेमेस्टर प्रणाली, परीक्षा व्यवस्था, आंतरिक मूल्यांकन, पुस्तकालय, डिजिटल संसाधनों, अनुशासन, एंटी-रैगिंग नियमों तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देना था.
प्राचार्य ने किया स्वागत, अनुशासन और नियमित अध्ययन पर दिया जोर
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य बीरेंद्र कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया. उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि ज्ञान, संस्कार, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास का भी महत्वपूर्ण माध्यम है. उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, समय का सदुपयोग तथा शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की अपील की.
शिक्षकों ने पाठ्यक्रम और करियर की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक विज्ञान संकाय के विभिन्न विभागों के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम, अकादमिक क्रेडिट, परीक्षा प्रणाली, रोजगार एवं उच्च शिक्षा की संभावनाओं, शोध, कौशल विकास तथा छात्र कल्याण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी. साथ ही विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था से अवगत कराया गया.
पुस्तकालय, एनसीसी और सांस्कृतिक गतिविधियों में भागीदारी की अपील
भूगोल विभागाध्यक्ष डॉ. वैभव ने विद्यार्थियों को पुस्तकालय, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों, एनसीसी तथा अन्य संस्थागत कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है.
बड़ी संख्या में शिक्षक और छात्र-छात्राएं रहे मौजूद
कार्यक्रम का संचालन मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. अनामिका ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. रजनीश कुमार ने किया. इस अवसर पर प्रो. प्रीति कुमारी, डॉ. स्मृति सौरभ, डॉ. श्वेता, डॉ. अरिहंत नाचीकेता, डॉ. कुमारी कंचन, डॉ. विभा, डॉ. सुमत, डॉ. प्रीति चंद्रा, डॉ. श्याम किशोर सिंह, डॉ. धर्मेंद्र कुमार सिंह, डॉ. निधि रस्तोगी, डॉ. लवन्या नुपुर, डॉ. निहारिका भारती, डॉ. नितिन कुमार, डॉ. इरतिजा हुसैन, राजीव, शंभु, विश्वजीत, रामकुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
