हाजीपुर (वैशाली). पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन (ECRWWO) की अध्यक्षा मेघना गर्ग के कुशल नेतृत्व में रविवार को 'अखिल भारतीय ऑन द स्पॉट ड्राइंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता' का भव्य आयोजन किया गया. हाजीपुर मुख्यालय स्थित दो अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस प्रतियोगिता में रेलकर्मियों के बच्चों ने अपनी अद्भुत कल्पनाशक्ति और रचनात्मक प्रतिभा के खूबसूरत रंग बिखेरे. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में छिपी कलात्मक प्रतिभा को निखारना और उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना था.
255 प्रतिभागियों ने रंगों के माध्यम से उकेरी कल्पना
प्रतियोगिता में पूर्व मध्य रेल परिवार से जुड़े कुल 255 बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया. अलग-अलग आयु वर्ग में आयोजित इस ऑन द स्पॉट पेंटिंग स्पर्धा में बच्चों ने पर्यावरण, समाज, भारतीय संस्कृति और आधुनिक भारत की संकल्पनाओं पर एक से बढ़कर एक मनोहारी चित्र बनाए. बच्चों की रचनात्मकता और तूलिका की कुशलता देखकर मंचासीन अतिथियों और निर्णायक मंडल ने उनकी भूरि-भूरि प्रशंसा की.
उपहार पाकर खिले नन्हे चित्रकारों के चेहरे
प्रतियोगिता के दौरान संगठन की ओर से सभी प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन किया गया. बच्चों को उनकी कला को और बेहतर बनाने के लिए उच्च गुणवत्ता वाले डोम्स (DOMS) कलर सेट बॉक्स प्रदान किए गए. इसके साथ ही नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए फ्रूटी, चिप्स, बिस्किट और चॉकलेट जैसे स्वादिष्ट रिफ्रेशमेंट्स उपहार स्वरूप वितरित किए गए, जिससे बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे.
संगठन की वरिष्ठ पदाधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर संगठन की उपाध्यक्ष रंजना कुमार, सचिव मनीषा सिन्हा, कोषाध्यक्ष पूनम श्रीवास्तव, उप सचिव प्रियंका सिंह सहित कार्यकारिणी की तमाम सदस्य उपस्थित रहीं. पदाधिकारियों ने कहा कि महिला कल्याण संगठन रेलकर्मियों के परिवारों और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार रचनात्मक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक मंच उपलब्ध कराता रहा है और भविष्य में भी ऐसी प्रतियोगिताएं आयोजित होती रहेंगी.
