जातीय जनगणना और आरक्षण का दायरा बढ़ाने की मांग, माले ने हाजीपुर में निकाला मार्च

भाकपा माले ने हाजीपुर में जातीय जनगणना, आरक्षण का दायरा बढ़ाने और बाढ़-सुखाड़ के स्थायी समाधान की मांग को लेकर मार्च निकाला. कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की.

Hajipur News : हाजीपुर त्रुटिरहित और पारदर्शी जातीय जनगणना कराने, एससी, एसटी और ओबीसी के आरक्षण का दायरा बढ़ाने तथा निजी क्षेत्र में भी आरक्षण लागू करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर भाकपा माले के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को हाजीपुर शहर में मार्च निकाला. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. कार्यकर्ताओं ने बाढ़-सुखाड़ की समस्या का स्थायी समाधान करने तथा जिले के सभी बाढ़ पीड़ितों को क्षतिपूर्ति और उचित मुआवजा देने की भी मांग की.

अक्षयवट राय स्टेडियम से निकला मार्च

माले कार्यकर्ताओं ने स्थानीय अक्षयवट राय स्टेडियम स्थित वैशाली कला मंच से मार्च निकाला. विभिन्न मार्गों से होते हुए कार्यकर्ता गांधी चौक पहुंचे. यहां उन्होंने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया. इसके बाद पार्टी के जिला कार्यकारी सचिव गोपाल पासवान की अध्यक्षता में सभा आयोजित की गयी.

जातीय जनगणना को लेकर सरकार पर लगाया आरोप

सभा को संबोधित करते हुए पार्टी नेताओं ने जातीय जनगणना को लेकर केंद्र सरकार पर आरोप लगाये. वक्ताओं ने कहा कि सरकार जातीय जनगणना नहीं कराना चाहती है और इसकी प्रक्रिया को जानबूझकर उलझाया जा रहा है. नेताओं ने कहा कि जातीय जनगणना से विभिन्न समुदायों की आबादी का आंकड़ा सामने आयेगा और लोग आबादी के अनुपात में अपने हक-अधिकार की मांग कर सकेंगे.

वक्ताओं ने देश में गरीबी रेखा की तर्ज पर अमीरी रेखा निर्धारित करने और इससे संबंधित कानून लागू करने की मांग की. उनका कहना था कि इससे अमीरी और गरीबी के बीच बढ़ती खाई को कम करने में मदद मिलेगी.

बाढ़-सुखाड़ के स्थायी समाधान की मांग

माले नेताओं ने राज्य सरकार पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि हर साल बाढ़ और सुखाड़ के कारण किसान और मजदूर तबाही झेलते हैं. नेताओं ने आरोप लगाया कि राहत के नाम पर सरकारी खजाने की लूट-खसोट की जाती है. उन्होंने बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान करने और राहत कार्यों में पारदर्शिता लाने की मांग की.

निजी क्षेत्र में आरक्षण लागू करने की मांग

सभा में नेताओं ने निजी क्षेत्रों में भी आरक्षण लागू करने की मांग उठायी. उन्होंने कहा कि जब देश के संसाधनों को चंद बड़े कॉरपोरेट समूहों के हाथों में सौंपे जाने की बात सामने आती है, तो आरक्षण का दायरा बढ़ाकर निजी क्षेत्र में भी इसे लागू किया जाना चाहिए.

सभा को पार्टी जिला कमेटी सदस्य रामबाबू भगत, टाउन सचिव मजेंद्र साह, कुमारी गिरिजा पासवान, प्रेमा देवी, भिखारी सिंह, संगीता देवी, अर्जुन कुमार, अरविंद ठाकुर, मनीष कुमार, बबलू कुमार, जयलाल राय, उमेश महतो, शिवचंद्र महतो, शत्रुध्न पासवान, भजन पंडित, आशा देवी और अशोक दास समेत अन्य नेताओं ने संबोधित किया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By देवेंद्र गुप्त

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >