Hajipur News: वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र के सूरतपुर विद्या गांव के समीप ईंट लदे एक अनियंत्रित ट्रक की टक्कर से बाइक सवार एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने डायल 112 को सूचना दी. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आनन-फानन में घायल को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेजा.
मृतक की पहचान राजापाकर थाना क्षेत्र के बाकरपुर निरपुरा गांव निवासी रामानंद राम के 42 वर्षीय पुत्र हरिनारायण राम के रूप में हुई है. वहीं गंभीर रूप से घायल युवक सूरतपुर विद्या गांव निवासी महेश दास का पुत्र विकास कुमार बताया गया है. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.
तमिलनाडु से मजदूरी कर लौटे थे दोनों युवक, रास्ते में हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार हरिनारायण राम और विकास कुमार दोनों तमिलनाडु में रहकर मजदूरी करते थे और हाल ही में घर लौटे थे. गुरुवार की शाम विकास कुमार अपनी बाइक से हरिनारायण राम को उनके घर बाकरपुर निरपुरा छोड़ने जा रहा था.
इसी दौरान सूरतपुर विद्या गांव के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ईंट लदे ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े और ट्रक का पहिया हरिनारायण राम के ऊपर चढ़ गया, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे में बाइक चला रहा विकास कुमार छिटककर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से जख्मी हो गया.
पुलिस के देरी से पहुंचने पर फूटा आक्रोश, एएसआई ने समझाकर कराया शांत
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि सूचना देने के काफी देर बाद महुआ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची, जिससे स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क गया. आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.
हंगामे की सूचना मिलते ही राजापाकर थाने के एएसआई योगेंद्र यादव अतिरिक्त पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर और उचित कानूनी कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया. इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
