बाइक व ऑटो की टक्कर के बाद युवक पर चढ़ा पिकअप, 100 मीटर तक घसीटा,एक की मौत, दूसरा घायल

हाजीपुर-महुआ मार्ग पर बोतला चौक के पास बाइक, ऑटो और पिकअप वैन की टक्कर में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई. पिकअप वैन ने युवक को करीब 100 मीटर तक घसीटा. हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया.

Road accident in Hajipur : हाजीपुर. महुआ थाना क्षेत्र के हाजीपुर-महुआ मार्ग स्थित बोतला चौक के पास बुधवार की शाम बाइक, ऑटो और पिकअप वैन की जबरदस्त टक्कर में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गयी. मृतक सारण जिले के सोनपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव निवासी शत्रुघ्न महतो का 26 वर्षीय पुत्र अरविंद कुमार था. हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा, लेकिन उसकी मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गये.

पिकअप ने करीब 100 मीटर तक घसीटा

मृतक के परिजनों ने बताया कि बुधवार की शाम अरविंद अपने दोस्त के साथ अपाचे बाइक से महुआ थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव स्थित ससुराल जा रहा था. इसी दौरान बोतला चौक के पास बाइक और ऑटो के बीच टक्कर हो गयी. टक्कर के बाद बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर गये. इसी दौरान हाजीपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वैन ने अरविंद को अपनी चपेट में ले लिया और करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गयी. इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी.

हादसे के बाद पिकअप चालक फरार

घटना के बाद पिकअप वैन चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गये. लोगों ने गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा. पुलिस ने मौके से दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को जब्त कर लिया है, जबकि उसका चालक भी फरार बताया जा रहा है.

आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम की

युवक की मौत से आक्रोशित लोगों ने हाजीपुर-महुआ मार्ग को घटनास्थल के पास लकड़ी आदि रखकर जाम कर दिया. सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित रहा. सूचना मिलते ही महुआ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया.

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी

पुलिस लोगों को समझाने के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुटी थी. खबर लिखे जाने तक सड़क पर जाम लगा हुआ था. पुलिस पिकअप वैन और उसके चालक का पता लगाने के लिए कार्रवाई कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिषेक शाश्वत

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >