चोरों का तांडव: हाजीपुर में दवा व्यवसायी के घर चोरी, सोना-चांदी और लाखों नकदी लेकर फरार

Bihar Crime News: हाजीपुर में दवा व्यवसायी के घर अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोरों ने करीब 4 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 1.5 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए. मामले की जांच में पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच तनाव की स्थिति भी बनी.

Bihar Crime News: (गोपाल कुमार) हाजीपुर के पातेपुर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. सोमवार की देर रात विशनपुर कोआही गांव में दवा व्यवसायी धर्मेंद्र कुमार राय के घर अज्ञात चोरों ने भीषण चोरी की वारदात को अंजाम दिया.

घर से नकदी और गहनों की चोरी

पीड़ित के अनुसार, चोरों ने घर में रखे बक्से को निशाना बनाया, जिसमें करीब 1.5 लाख रुपये नकद और पत्नी के सोने-चांदी के आभूषण रखे थे। चोरी किए गए गहनों में मंगलसूत्र, चेन, कान का झुमका, मांगटीका, जितिया और तीन जोड़ी चांदी की पायल शामिल हैं.

सुबह खुला दरवाजा, सामान बिखरा मिला

परिजनों ने बताया कि देर रात लघुशंका के लिए उठने पर मेन गेट खुला पाया गया. जब घर के अंदर जाकर देखा गया तो पूरा सामान बिखरा हुआ था और बक्सा भी गायब था.बाद में घर से कुछ दूरी पर टूटा हुआ बक्सा, कपड़े और कागजात बरामद हुए.

पुलिस जांच के दौरान बढ़ा विवाद

घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पूछताछ के दौरान ग्रामीणों ने गांव के ही कुछ लोगों पर शक जताया, जिसके बाद पुलिस ने छापेमारी की कार्रवाई शुरू की. इस दौरान पुलिस और आरोपित पक्ष के परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हो गई.

मोबाइल तोड़ने का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि जांच के दौरान विवाद का वीडियो बनाने पर एक महिला पुलिसकर्मी ने युवक का मोबाइल छीनकर सड़क पर पटक दिया, जिससे मोबाइल क्षतिग्रस्त हो गया.

जांच जारी, मामला दर्ज

पीड़ित परिवार ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है.

Also Read:जहानाबाद में हंगामे के बाद ओपीडी सेवा ठप, कार्रवाई की मांग पर अड़े डॉक्टर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: raginisharma

raginisharma is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >