वैशाली: बाढ़ के पानी में तेज धार से पलटी नाव, मवेशियों को देखने जा रहे व्यक्ति की मौत

बिदुपुर के भक्तन टोला में बाढ़ के पानी में नाव पलटने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल है। प्रशासन ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

Hajipur News : वैशली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के बिशनपुर सैदअली पंचायत स्थित भक्तन टोला में गुरुवार को बाढ़ के पानी में तेज धार के कारण नाव पलट गयी. हादसे में नाव पर सवार 55 वर्षीय व्यक्ति की डूबने से मौत हो गयी, जबकि एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना है. मृतक की पहचान भक्तन टोला निवासी दूधनाथ राय के रूप में हुई है.

मवेशियों को देखने नाव से जा रहे थे दूधनाथ

बताया जाता है कि गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण गांव में बाढ़ का पानी घुस गया है. ग्रामीणों ने अपने मवेशियों को सुरक्षित रखने के लिए ऊंचे स्थान पर रखा है. गुरुवार दोपहर भोजन करने के बाद दूधनाथ राय अपने मवेशियों को देखने के लिए नाव से जा रहे थे. नाव पर उनके साथ एक अन्य व्यक्ति भी सवार था. इसी दौरान तेज धार की चपेट में आने से नाव अचानक पलट गयी और दोनों पानी में गिर गये.

ग्रामीणों ने पानी से निकाला, नहीं बच सकी जान

नाव पलटने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी में डूब रहे दोनों लोगों को बचाने में जुट गये. काफी मशक्कत के बाद दूधनाथ राय को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. वहीं दूसरे व्यक्ति को भी पानी से बाहर निकालकर स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.

परिजनों में मचा कोहराम

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गयी. पत्नी, बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

परिजनों ने घटना की सूचना बिदुपुर की अंचल अधिकारी करिश्मा कुमारी को दी. सूचना मिलते ही सीओ ने मौके पर नाव की व्यवस्था करायी और शव को नाव के माध्यम से खालसा घाट तक पहुंचवाया. वहां से शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेज दिया गया.

सीओ करिश्मा कुमारी ने बताया कि डूबने से एक व्यक्ति की मौत हुई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृतक के आश्रित को नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध करायी जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजीव कुमार सिंह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >