हाजीपुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुआ था बैंककर्मी, इलाज के दौरान मौत

हाजीपुर-जंदाहा मार्ग पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बंधन बैंक के एजेंट विपिन कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिवार में मातम का माहौल है।

Hajipur Road Accident : हाजीपुर-जंदाहा मुख्य मार्ग पर रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला. बरांटी थाना क्षेत्र के विश्वकर्मा चौक के पास 26 अगस्त को अज्ञात वाहन की ठोकर से गंभीर रूप से घायल हुए युवक की गुरुवार दोपहर इलाज के दौरान मौत हो गयी. मृतक की पहचान जंदाहा थाना क्षेत्र के कजरी बुजुर्ग गांव निवासी मोहन पासवान के 33 वर्षीय पुत्र विपिन कुमार के रूप में हुई है. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गयी.

ड्यूटी से घर लौटते समय मारी टक्कर

परिजनों के अनुसार, विपिन कुमार बंधन बैंक लिमिटेड में फील्ड एजेंट के रूप में कार्यरत थे. 26 अगस्त को ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह मोटरसाइकिल से हाजीपुर से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान बरांटी थाना क्षेत्र के विश्वकर्मा चौक के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया.

हादसे में विपिन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया. हालत गंभीर होने पर ऑन-ड्यूटी चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया.

कई दिनों तक चला इलाज, नहीं बची जान

परिजन विपिन का अलग-अलग स्थानों पर इलाज करा रहे थे. इसी क्रम में गुरुवार दोपहर एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. विपिन चार भाइयों और चार बहनों में सबसे बड़े थे. उनके परिवार में एक पुत्री है. उनकी मौत के बाद पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम

घटना की सूचना मिलने के बाद हाजीपुर नगर थाने की पुलिस अस्पताल पहुंची. पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया. कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और हादसे की जांच में जुटी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिषेक कुमार

अभिषेक कुमार 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनकी सबसे अच्छी पकड़ क्राइम और राजनीति की खबरों पर है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >